सोनिया गांधी ने बनारस में फूंका चुनावी बिगुल, रोड शो के जरिये कांग्रेस ने दिखायी ताकत

कार्यकर्ताओं के चेहरों पर खिली उम्मीद की चमक, उमड़ी भीड़ से खुद भी गदगद दिखीं कांग्रेस अध्यक्ष

VARANASI

कांगे्रस की मुखिया सोनिया गांधी ने मंगलवार को बनारस में यूपी विधानसभा का चुनावी बिगुल फूंका। उनके रोड शो में उमड़ी भीड़ ने विपक्षियों को इस बात का एहसास करा दिया कि कांग्रेस में अब भी दम बाकी है और रोड शो में दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह निश्चित ही दूसरे दल वालों के लिए चिंता का सबब बनेगा। ख्7 साल से बेहाल यूपी के दर्द को समझने के चुनावी उद्देश्य को लेकर सोनिया गांधी का बनारस आना कांग्रेसी कार्यकताओं के बुझे चेहरों पर एक उम्मीद की चमक बिख्ोर गया।

झूम कर उमड़ी भीड़

सोनिया के रोड शो की शुरुआत तकरीबन दो बजे सर्किट हाउस से शुरू हुई। अपने निर्धारित समय से तकरीबन डेढ़ घंटे लेट से शुरू हुए रोड शो में पार्टी के कार्यकर्ताओं का उमड़ा हुजूम कांग्रेस अध्यक्ष के चेहरे पर मुस्कान बिखेर गया। भारी सुरक्षा और गाडि़यों का लंबा काफिला कचहरी स्थित अंबेडकर चौराहा पहुंचा। यहां पर सोनिया गांधी ने गाड़ी से उतरकर डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये। उनके साथ यहां शीला दीक्षित भी थीं। उसके बाद यहां से रोड शो जैसे जैसे बढ़ता गया है लोगों की भीड़ भी बढ़ती गयी। जगह जगह पर लोगों ने कांग्रेस अध्यक्ष का स्वागत माला पहना कर और फूलों की बरसात के साथ किया। यहां पर बैंड बाजे व नगाड़े भी बजते रहे।

हाथ जोड़ कर किया अभिवादन

रास्ते में कांग्रेसी झंडे, झंडियों से पटे चौराहे व जोशीले नारों से पुरजोश अगवानी ने हर किसी को गदगद किया। उत्साह का हाल यह कि लोगों को हटाने और गाड़ी आगे बढ़ाने में एसपीजी तक को पसीने छूट गए। 'कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, सोनिया गांधी जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद और पंजा-पंजा' के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। पैदल जत्थे, बाइक सवार व साथ चलता कारों का रेला और पूरे रूट पर सड़क किनारे, गली चौबारे और छत व छज्जे तक पर एक झलक देख लेने की होड़ लगी रही। वरुणा पुल, मिंट हाउस, टकसाल हो या नदेसर, चौकाघाट, गोलगड्डा हो या मैदागिन, कबीरचौरा, लहुराबीर स्वागत के लिए इंतजार में खड़े लोगों को उन्होंने कार से निकल कर हाथ जोड़ प्रणाम किया। इस बीच छह बार वह अपने गाड़ी के गेट पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया। बाकि टाइम वो कार के अंदर से ही हाथ हिलाकर लोगों का उत्साह वर्धन किया। पूरे रास्ते पुरुषों के साथ महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह भी देखने लायक रहा। युवाओं के साथ पुरनिये कांग्रेसी भी बीते दिनों की याद ताजा करते हुए रोड शो में शामिल हुए।

सबसे आगे सोनिया

सबसे आगे वाहन पर सोनिया गांधी थीं। उनके पीछे खुले वाहन पर खड़े थे प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर व गुलाम नबी आजाद। अन्य वाहनों पर सवार अनु टंडन व प्रमोद तिवारी, रीता बहुगुणा व श्रीप्रकाश जायसवाल, संजय सिंह, डॉ। राजेश मिश्र, अजय राय व राजेशपति त्रिपाठी व दूसरे कांग्रेसी नेता शो की सफलता पर गदगद होते दिखे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की गाड़ी को पूरे रोड शो में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने घेरे रखा तो सेवादल के स्वयंसेवक भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे।

भीड़ देख बदलीं कार

रोड शो के नदेसर से चौकाघाट की ओर बढ़ने के साथ ही भीड़ में भी इजाफा होने लगा। जैसे-जैसे काफिला बढ़ता गया वैसे-वैसे सैलाब उमड़ता चला गया। इसी बीच भीड़ देख सिटी स्टेशन के पास सोनिया गांधी ने कार चेंज करने का इशारा किया। कुछ ही देर में वो ओपेन रूफ कार में सवार हो गयीं। जिसके बाद कार की छत पर बैठकर उन्होंने रोड किनारे खड़े लोगों का हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर अभिवादन किया। गोलगड्डा के पहुंचने पर वो एक बार फिर कार की सीट पर बैठ गयीं।

जब शीला ने संभाला मोर्चा

लंबे रोड शो और स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण सोनिया गांधी जब कार में ओपेन रूफ टॉप से नीचे अपनी सीट पर बैठ गयी तब कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश के लिए मुख्यमंत्री घोषित शीला दीक्षित ने रोड शो का मोर्चा संभाला। पीलीकोठी से कार की सीट पर खड़े होकर उन्होंने लोगों का अभिवादन किया। यह सिलसिला विश्वेश्वरगंज तक चला। इसके बाद एक बार फिर सोनिया गांधी कार के छत पर बैठ गयीं।

Posted By: Inextlive