सोनू निगम ने शत्रुघ्न घाट पर गंगा आरती में लिया भाग। प्रशंसकों के बीच बैठकर गाए भजन खिंचवाई सेल्फी।

RISHIKESH: प्रसिद्ध पा‌र्श्व गायक सोनू निगम थर्सडे को ऋषिकेश पहुंचे। सोनू निगम ने अपने पिता व चाचा के साथ मुनिकीरेती स्थित शत्रुघ्न घाट पर गंगा आरती कर मां गंगा से आशीर्वाद लिया। सोनू निगम एक माह में दूसरी बार तीर्थनगरी ऋषिकेश पहुंचे हैं।

 

गंगा आरती में लिया भाग

सोनू निगम थर्सडे शाम अपने पिता अगम कुमार निगम व चाचा अशोक निगम के साथ मुनि-की-रेती पहुंचे। यहां उन्होंने शत्रुघ्न मंदिर में दर्शनों के बाद गंगा आरती में भाग लिया। शत्रुघ्न मंदिर के महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। गंगा घाट पर सोनू ने बेहद साधारण अंदाज में श्रद्धालुओं के बीच बैठकर भजन प्रस्तुत किए। उन्होंने प्रशंसकों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। करीब दो घंटे का वक्त गंगा घाट पर बिताने के बाद सोनू अपने निजी वाहन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। गंगा तट पर अपने अनुभव साझा करते हुए सोनू ने कहा कि देवभूमि उनके दिल में बसती है। जब भी समय मिलता है, वह गंगा के तट पर जरूर आते हैं। सोनू निगम एक माह पहले भी नवरात्र के मौके पर ऋषिकेश आए थे। तब उन्होंने ऋषिकेश में कई मंदिरों के दर्शन किए थे।

Posted By: Inextlive