टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली आधिकारिक तौर पर बीसीसीआई के नए अध्यक्ष बन गए हैं। अध्यक्ष पद की कुर्सी संभालते ही गांगुली ने 65 साल पुराना इतिहास दोहरा दिया।

कानपुर। भारतीय क्रिेकट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली बीसीसीआई के नए अध्यक्ष बन गए हैं। बुधवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड की हुई सालाना आम बैठक में सौरव गांगुली को सर्वसम्मति से भारतीय क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष चुना गया। पहले टीम इंडिया की कमान फिर बीसीसीआई के प्रधान बनने वाले दादा 65 साल पुराना इतिहास दोहरा रहे हैं। दरअसल गांगुली भारतीय क्रिकेट टीम के दूसरे ऐसे कप्तान हैं जो बीसीसीआई के अध्यक्ष बने।

It's official - @SGanguly99 formally elected as the President of BCCI pic.twitter.com/Ln1VkCTyIW

— BCCI (@BCCI) October 23, 2019


विजी थे बीसीसीआई अध्यक्ष बनने वाले पहले कप्तान

सौरव गांगुली से पहले बीसीसीआई के अध्यक्ष बनने वाले भारतीय कप्तान विजी थे। विजी जिन्हें महाराज ऑफ विजयनगर के नाम से जाना जाता था। विजी को साल 1954 में बीसीसीआई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह करीब तीन साल तक इस पद पर रहे। विजी ने बीसीसीआई अध्यक्ष की कुर्सी संभालने से पहले टीम इंडिया की कमान भी संभाली थी। विजी को 1936 में इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी जहां उन्होंने बतौर कप्तान तीन टेस्ट खेले। टीम इंडिया के लिटिल मास्टर कहे जाने वाले सुनील गावस्कर को भी एक बार अध्यक्ष पद की कमान दी गई थी। मगर गावस्कर को अंतरिम प्रेसीडेंट नियुक्त किया गया था। यह जिम्मेदारी उन्हें 2014 में मिली थी। हालांकि गावस्कर कभी फुल टाइम एडमिनिस्ट्रेटर नहीं बने।

The General Body Meeting is underway here in the Mumbai Headquarters pic.twitter.com/7u9SZgTlff

— BCCI (@BCCI) October 23, 2019
गांगुली बनेंगे 39वें अध्यक्ष

भारतीय क्रिेकट बोर्ड की स्थापना 1928 में हुई थी। तब से इस संस्था के प्रशासन के लिए कई प्रशासक आए और गए। भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक सौरव गांगुली ने बुधवार को मुंबई में होने वाली सालाना आम बैठक (एजीएम) में हिस्सा लिया। यहां उन्हों बीसीसीआई के 39वें अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति (सीओए) का 33 महीने से चला आ रहा शासन खत्म हो गया। बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए गांगुली का नामांकन सर्वसम्मति से हुआ है जबकि जय शाह सचिव होंगे। उत्तराखंड के माहिम वर्मा नए उपाध्यक्ष होंगे।

 

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari