वारदात

- खून से लथपथ शव को आदिवीर विद्यार्थी आश्रम के गेट पर फेंका

- घर से साइकिल पर शेविंग कराने के लिए निकले थे राजेंद्र सिंह

Meerut : हस्तिनापुर में सपा नेता की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव को रामराज मार्ग पर आदिवीर विद्यार्थी आश्रम के गेट पर फेंक दिया। घटना की सूचना के बाद पुलिस और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि हत्यारोपी ने सपा नेता के पूरे शरीर को छलनी कर दिया है।

पुलिस कर रही है तलाश

कस्बे के सी ब्लॉक निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ राजू की कस्बे में थाने के सामने महादेव स्वीट्स के नाम से दुकान है। राजेंद्र सपा नेता भी है। राजेंद्र के बेटे राहुल ने बताया कि बुधवार की शाम लगभग सात बजे राजेंद्र पचास रुपये लेकर शेविंग कराने को कहकर साइकिल से गए थे, लेकिन वापस नहीं आए। बदमाशों ने उनकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम में सामने आया कि क्रूरता से राजेंद्र की हत्या कर दी गई है। चार साल पहले राजेंद्र के बेटे और बहू ने सुसाइड कर लिया था। तब से राजेंद्र कुछ तनाव में भी रहते थे। मृतक के बेटे राहुल की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

भड़का आक्रोश, बाजार बंद

गुरुवार को राजेंद्र की हत्या के बाद व्यापारियों में भी आक्रोश पनप गया। सभी ने बाजार बंद कर जमकर हंगामा किया। हालांकि देर शाम बाजार खुल गए थे। व्यापारियों का कहना है कि राजेंद्र की हत्या के पीछे कोई बड़ा गेम हो सकता है।

सपा के नगर सचिव थे राजेंद्र

मृतक राजेंद्र सिंह उर्फ राजू समाजवादी पार्टी के नगर सचिव थे। वर्ष 2007 में सपा समर्थित प्रत्याशी के तौर पर नगर पंचायत अध्यक्ष के पद का चुनाव भी लड़ा था। गुरुवार की देर सायं शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। क्षेत्रीय विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि समेत अन्य गणमान्य लोग भी अंत्येष्टि में शामिल हुए।

Posted By: Inextlive