RISHIKESH: गैरसैंण विधानसभा सत्र के बाद ऋषिकेश लौटे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने गैरसैंण को प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाये जाने पर विस अध्यक्ष व मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। इस मौके पर अग्रवाल ने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाए जाने से उत्तराखंड में पलायन रुकेगा।

प्रदेश में खुशी का माहौल

रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने देहरादून तिराहे से रेलवे रोड होते हुए इंद्रमणि बडोनी चौक तक रैली निकाली। इस दौरान स्व। बडोनी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। वहीं इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में विस अध्यक्ष पर टीका लगाकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुई और रंग-गुलाल भी उड़ाए गए। प्रेमचंद अग्रवाल ने आंदोलनकारी महिलाओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किये जाने से पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। ग्रीष्मकालीन राजधानी हम सबके लिए होली का तोहफा है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी का फैसला सभी राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान और शहीद आंदोलनकारियों के लिए श्रद्धांजलि भी है।

सीएम ने किया राज्य की अवधारणा का सम्मान

गैरसैंण को प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित करने पर ऋषिकेश नगर निगम मेयर अनिता ममगाई ने इसे राज्य गठन की अवधारणा का सम्मान बताते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार जताया है। रविवार को निगम पार्षदों के साथ मुख्यमंत्री आवास पर इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मेयर ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की। मेयर ने बताया कि होली के त्योहार के मौके पर मुख्यमंत्री द्वारा उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की वर्षो पुरानी मांग पूर्ण कर उत्तराखंड सरकार ने नायाब तोहफा दिया है। इससे पर्व की खुशियां दोगुनी हो गई हैं। पूरे उत्तराखंड में खुशी और जश्न का माहौल है।

Posted By: Inextlive