RANCHI: रांची रेल मंडल ने दिवाली और छठ में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रेनों की सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, जिसमें ट्रेनों में नए स्लीपर क्लास कोच जोड़े गए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रेल मंडल ने महापर्व छठ और दिवाली को लेकर यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। यात्रियों की सुखद यात्रा के लिए रांची से चलने वाली अधिकतर ट्रेनों में स्पेशल कोच की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही रांची-पटना के लिए स्पेशल सुविधा ट्रेन भी चलाई जाएंगी, जिसमें सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

विशेष चौकसी बरतने का निर्देश

दिवाली और छठ को देखते हुए ट्रेनों में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश जारी किया गया है। इस दौरान रांची से खुलने वाली मौर्य एक्सप्रेस, जयनगर एक्सप्रेस, जनशताब्दी, राजधानी सहित अन्य ट्रेनों के अलावा स्टेशन कैंपस में सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं, जिसमें महिला पुलिस बल भी शामिल हैं। यात्रियों को जागरूक करने के लिए स्टेशन कैंपस में समय-समय पर सुरक्षा संबंधी अनाउंसमेंट की जा रही हैं। वहीं, राजकीय रेल पुलिस के अलावा रेल प्रशासन और जिला प्रशासन से बेहतर तालमेल स्थापित करने का सख्त निर्देश जारी किया गया है।

इन ट्रेनों में विशेष सुविधा

ट्रेन संख्या 18637 हटिया बेंगलुरु सिटी एक्सप्रेस, हफ्ते में 3 दिन चलने वाली ट्रेन संख्या 18605 रांची जयनगर एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 18622 हटिया पटना एक्सप्रेस में सेकंड क्लास स्लीपर के अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। इसके साथ ही वेटिंग लिस्ट को ध्यान में रखते हुए प्रमंडल ने यह सुविधाएं त्योहार के बाद भी जारी रहने का निर्देश दिया है।

Posted By: Inextlive