महिलाओं की सुरक्षा के लिए शीघ्र ही शुरू होगी हेल्पलाइन सेवा

हेल्पलाइन नम्बर 8114277777 पर महिला कर्मचारी ही सुनेंगी शिकायतें

आगरा। अब रोडवेज की हर बस में महिलाओं के लिए स्पेशल हेल्प एक्टिव रहेगी। परिवहन विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर करने जा रहा है। विभाग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह हेल्प केवल महिलाओं के लिए ही होगी। इस हेल्पलाइन नंबर पर महिलाएं किसी भी परेशानी में हेल्प के लिए कम्प्लेन कर सकती हैं। विभाग द्वारा इस सुविधा को एक सप्ताह के अंदर शुरू किया जा रहा है।

तत्काल होगी समस्या पर सुनवाई

रोडवेज की बसों में सफर करने वाले प्रत्येक महिला की सुरक्षा की जिम्मेदारी परिवहन निगम की है। इसे ध्यान में रखते हुए उनकी सुरक्षा और परेशानियों को दूर किए जाने के लिए परिवहन निगम समय समय पर ठोस कदम उठाता आया है। करीब एक सप्ताह के अंदर शुरू होने वाली हेल्पलाइन सेवा के माध्यम से सफर के दौरान होने वाले दिक्कतों को साझा कर सकेंगी। सफर के दौरान कोई भी असुविधा, शिकायत या सुझाव के लिए महिलाएं सीधे हेल्पलाइन पर कॉल कर सकेंगी। इतना ही नहीं जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नम्बर पर वीडियो क्लिप व मैसेज भी वाट्सएप कर सकेंगी। निगम मुख्यालय में खुलने वाली हेल्पलाइन से आगरा रीजन को जोड़ा जाएगा।

हेल्पलाइन से जुड़ी है पिंक बसें

रोडवेज प्रबंधन ने पिंक बसों में महिला यात्रियों को हेल्प लाइन 112 पर शिकायत की सुविधा दे रखी है। इसके अलावा रोडवेज के सभी यात्रियों की शिकायत के लिए 18001802877 नम्बर पर कॉल करने की सुविधा के साथ ट्विटर व वाटसएप नंबर पहले से चल रहा है, लेकिन महिलाओं के लिए अलग से कोई सुविधा नहीं थी।

शिकायत सुनने वाली भी होंगी महिलाएं

महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नम्बर 8114277777 जारी किया जाएगा। महिलाओं की शिकायतें सुनने के लिए भी इस नंबर पर महिलाएं ही होंगी। इससे महिला यात्रियों को अपनी समस्या बताने में किसी प्रकार की झिझक नहीं होगी।

सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक करेगी काम

जानकारी अनुसार पहले चरण में हेल्पलाइन सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक काम करेगी। जरूरत पड़ने पर समय सीमा बढ़ाई जा सकती है। हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतें जिस परिक्षेत्र से संबंधित होंगी, वहीं की हेल्पलाइन पर उसे फॉरवर्ड कर दिया जाएगा। इसके बाद अधिकारी शिकायत का निस्तारण करेंगे। आगरा सहित 20 परिक्षेत्रों में एक एक महिला कर्मियों को हेल्पलाइन पर डयूटी लगाई जाएगी।

Posted By: Inextlive