- गुड फ्राइडे पर मसीही समुदाय ने प्रभु के साथ वचनों का अनुसरण करने का लिया संकल्प

- गिरजाघरों में हुई विशेष प्रार्थना सभाएं, जुलूस निकालकर जन मानस तक पहुंचाया प्रभु का संदेश

ALLAHABAD: संसार को मानवता का संदेश देने के लिए क्रूस पर चढ़कर अपना जीवन अर्पित करने वाले प्रभु यीशु की याद में मनाए जाने वाले गुड फ्राइडे पर शुक्रवार को सिटी के सभी गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रार्थना सभा के दौरान अपने आराध्य को मिली यातना व पीड़ा की याद कर मसीही समुदाय के लोगों ने स्वयं में उसकी अनुभूति की। इसके साथ ही प्रभु के संदेशों को आत्मसात किया। मसीही समुदाय के लोगों द्वारा प्रभु यीशु के क्रूस पर चढ़ने की याद में 'गुड फ्राइडे' का पर्व मनाए जाने के अवसर पर चर्चो में बाइबिल का पाठ हुआ। सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर में इस अवसर पर विशेष आयोजन हुआ। इसमें डायोसिस ऑफ लखनऊ के बिशप पीटर बलदेव ने सभी को प्रभु यीशु मसीह के संदेश को पढ़कर सुनाया और लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

पाम संडे से शुरुआत

गुड फ्राइड पर होने वाले आयोजनों की शुरुआत प्रभु यीशु मसीह के यरुशलेम शहर में प्रवेश करने की याद में रविवार को पाम संडे से होती है। इसके बाद प्रत्येक दिन गिरजाघरों में धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। गुड फ्राइडे को यीशु मसीह को क्रूस पर चढ़ाकर उनके हाथ-पांव में कील ठोंकी गई थी। उनके सिर पर कांटों का ताज पहनाकर यातना दी गई थी। इसके बावजूद यीशु उन्हें यातना देने वालों को माफ कर दिया था और सात वचन बताया था।

प्रभु के वचन दिलाए याद

गुड फ्राइडे पर गिरजा घरों में इन्हीं सात वचनों को प्रभु के अनुयायियों को याद दिलाया गया। इसे लेकर सुबह से चर्चो में मसीही समुदाय के लोगों की भीड़ जुटने लगी। म्योराबाद चर्च के पादरी प्रवीण मैसी ने बाइबिल का पाठ कर लोगों को गुड फ्राइडे के महत्व से अवगत कराया। सेंट जॉन चर्च में पादरी जी। दाऊद ने सुबह विशेष प्रार्थना की, फिर जुलूस निकाल कर यीशु का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कैथलिक मसीहियों ने ऑलसेंट जोजफ कैथड्रिल चर्च में सुबह प्रार्थना की। यहां बिशप डॉ। राफी मंजली ने बाइबिल का पाठ कर भक्तों को प्रभु यीशु का मानवता व एकता का संदेश सुनाया। साधना सदन के व्यवस्थापक फादर लियो ने बताया कि प्रभु यीशु मानवता के रक्षक थे, इसके लिए वह क्रूस में चढ़ गए। हर मानव को उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। इसके साथ ही होली ट्रिनिटी चर्च, कटरा चर्च, यमुना चर्च, यूनियन चर्च, चौक चर्च में पादरी द्वारा बाइबिल का पाठ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मसीही समुदाय के लोग मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive