श्रीलंका के विकेटकीपर बल्‍लेबाज कुशाल परेरा पर प्रतिबंध का खतरा मंडराने लगा है। रिपोर्ट की मानें तो परेरा डोप टेस्‍ट में फेल हो गए हैं ऐसे में उन्‍हें चार साल के लिए बैन किया जा सकता है।

बी नमूना हुआ पॉजिटिव
प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के दोषी श्रीलंकाई विकेटकीपर कुशल परेरा पर चार वर्ष के प्रतिबंध का खतरा मंडराने लगा है। परेरा के 'बी' नमूने को भी प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजीटिव पाया गया। श्रीलंका के खेल मंत्री दयासिरी जयसेकरा ने कहा कि आईसीसी ने हमें इस बात की सूचना दी है कि परेरा पर चार वर्ष का खतरा मंडरा रहा है। हम इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे।

यूरीन जांच में हुआ खुलासा

परेरा के मूत्र के नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ पाए जाने के बाद कतर में उनके नमूने में भी शक्तिवर्धक पदार्थ पाया गया। इसके बाद परेरा को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम से हटा लिया गया। श्रीलंका यह टेस्ट सीरीज 0-2 से हार गया था। परेरा डोप टेस्ट में पकड़े जाने वाले उपुल थरंगा के बाद दूसरे क्रिकेटर बने हैं। थरंगा को 2011 विश्व कप के दौरान प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद तीन महीनों के लिए निलंबित किया गया था।

inextlive from Cricket News Desk

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari