ALLAHABAD: पर्यावरण को बचाना है तो एक पौधा जरूर लगाएं। अगर देश का प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए केवल एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो धरती फिर से हरी भरी हो जाएगी। यह कहना था एसएसपी आनंद कुलकर्णी का। रविवार को उन्होंने अपने आवास पर दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के ट्री ब्रेक अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि इस पौधे की देखभाल उनके मानीटरिंग में की जाएगी। उन्होंने हमारे इस प्रयास की सराहना करते हुए समाज के दूसरे वर्गो को पौधरोपण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक पौधा हमे आक्सीजन के साथ गर्मी में छांव और लकड़ी देता है। फल और फूल भी हमे पौधों से मिलते हैं। इसलिए पौधरोपण की दिशा में सभी को आगे आकर अपने कर्तव्य को निभाना चाहिए।

सबको पौधरोपण के लिए करेंगे प्रेरित

ऐसा नही है कि केवल मैंने पौधा लगा दिया। भविष्य में अपने क्लब के प्रत्येक मेंबर को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अभियान की सफलता इसी में है कि अधिक से अधिक लोगों से पौधा लगवाया जाए। यह कहना था इनरव्हील क्लब की अध्यक्षा गायत्री गुलाटी का। रविवार को सिविल लाइंस स्थित अपने आवास में उन्होंने दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के ब्रेक ट्री अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि इस पौधे की प्रतिदिन देखभाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हमारा क्लब इस प्रकार की गतिविधियों को चलाकर समाज को पौधरोपण के बारे में जागरुक करेगा। जिससे की अधिक से अधिक लोग पौधरोपण कर पर्यावरण को बचाने की मुहिम में आगे आएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को इस क्षेत्र में जागरुक किया जाना चाहिए, जिससे वह हरियाली के महत्व और फायदों को समझ सकें।

Posted By: Inextlive