प्रदर्शन के दौरान मजिस्ट्रेट से धक्कामुक्की के बाद पुलिस व आरएएफ ने भांजी लाठी

सात घायल, 30 अरेस्ट, कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सयुस कार्यकर्ता कर रहे थे प्रदर्शन

ALLAHABAD: कलेक्ट्रेट में बुधवार को समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मजिस्ट्रेट से धक्कामुक्की की गई तो पुलिस और आरएएफ के जवानों ने जमकर लाठी भांजी। इस दौरान कुल सात कार्यकता चोटिल हुए और 30 को मौके से गिरफ्तार किया गया।

कलेक्ट्रेट पहुंचे, करने लगे नारेबाजी

जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं, अवैध बालू खनन, छुट्टा जानवरों से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान के साथ प्राइवेट स्कूलों में चल रही मनमानी फीस वसूली के मुद्दे को लेकर समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष संदीप यादव की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे।

रोकने के प्रयास पर भड़के

जब पुलिस ने इन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भड़क गए। इसके बाद नोक-झोंक शुरू हो गई। इसी दौरान एक मजिस्ट्रेट वहां पहुंचे तो कार्यकर्ता उनसे धक्कामुक्की करने लगे। इसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। लाठी चार्ज होते ही अफरा-तफरी मच गई। करीब सात कार्यकर्ताओं को चोट आई।

दोबारा धरने पर बैठे

मामला शांत होने के बाद डीएम आवास के सामने कार्यकर्ता एक बार फिर धरने पर बैठ कर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंचे एसएसपी आकाश कुलहरि, एडीएम सप्लाई अमरपाल सिंह, एसडीएम सदर आयुष चौधरी और सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार कनौजिया ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। सभी को पुलिस लाइंस ले जाया गया। करीब 30 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। इनमें संदीप यादव, सबिहा मोहानी, आशुतोष तिवारी, रक्षामंत्री यादव, ऋषभ सिंह आदि शामिल रहे।

पुलिस लाइंस पहुंचे सपा नेता

समाजवादी युवजन सभा कार्यकर्ताओं की पिटाई और गिरफ्तारी की जानकारी पर सपा नेता विनोद चंद्र दुबे, जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन, केके श्रीवास्तव, जिला प्रवक्ता दान बहादुर 'मधुर', धीरेंद्र यादव, रामलखन यादव, शिवबरन यादव, सुरेश यादव, किताब अली, रवि यादव आदि पुलिस लाइंस पहुंचे और गिरफ्तार व घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

अब जनता ही देगी जवाब

सयुस कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज की जानकारी पर सपा सांसद नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल ने कहा कि ये विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास है। ोदी एवं योगी सरकार को तानाशाह करार देते हुए उन्होंने कहा कि 2019 में दोनों को जनता करारा जवाब देगी।

Posted By: Inextlive