PATNA : राजधानी और उसके आसपास के इलाके में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार देर रात शाहपुर थाना क्षेत्र के उड़ान टोला में जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहे छात्र को अपराधियों ने दौड़ाकर गोली मार दी। इस दौरान छात्र का साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सगुना स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पंकज उर्फ गुड्डू (25 वर्ष) की स्थिति गंभीर देख उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पीएमसीएच में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस

मामले में मृतक गुड्डू के भाई मंटू के बयान पर दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

पिस्टल भागने लगे

शनिवार को उड़ानटोला निवासी कर्णराज उर्फ चिंटू के पुत्र का जन्मदिन था। गुड्डू और द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी रोशन कुमार को साथ जाना था। दोनों बाइक से रात करीब आठ बजे निकले। पार्टी खत्म होने के बाद रात करीब 11 बजे दोनों घर लौट रहे थे। दोनों अभी शिवाला-उसरी मार्ग पर पहुंचे ही थे कि पीछे से अपराधी पहुंच गए। अपराधियों ने दोनों को रोक लिया। अपराधियों के हाथ में पिस्टल देख दोनों ने भागने का प्रयास किया। रोशन सड़क पर गिर गया और जख्मी हो गया। जबकि गुड्डू को अपराधियों ने दौड़ाकर पीछे से सिर में गोली मार दी। गुड्डू के भाई मंटू ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि गुड्डू को शिवाला मार्ग पर अपराधियों ने गोली मार दी है। जब वह वहां पहुंचा तो दोनों सड़क किनारे जख्मी हालत में गिरे थे। दोनों को इलाज के लिए सगुना स्थित निजी अस्पताल लेकर गये। वहां से गुड्डू को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। मंटू ने बताया कि रोशन उसे बुला कर ले गया था। गुड्डू बीए का छात्र बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक के भाई मंटू के बयान पर मामला दर्ज कर दो लोगों को नामजद किया गया है। घायल युवक के होश में आने पर बयान लिया जाएगा। वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो पार्टी में किसी से विवाद हो गया था। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

Posted By: Inextlive