JAMSHEDPUR: करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में झारखंड छात्र मोर्चा व कॉलेज छात्र संगठन के आमरण अनशन के तीसरे दिन शुक्रवार को दो अनशनकारी सुनिल तियू और देवीलाल टुडू की हालत बिगड़ गई। साथियों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। अन्य अनशनकारी संजीव कुमार मुर्मू, करणजीत हांसदा, अजय देवगम, रमेश हांसदा, कल्याण मार्डी अपनी मांगों को लेकर कॉलेज परिसर में डटे हुए हैं। हालांकि उनकी भी हालत ठीक नहीं है। शुक्रवार को एलबीएसएम कॉलेज के स्टूडेंट्स की मांग के समर्थन में घाटशिला से लेकर चाईबासा तक आंदोलन हुआ। घाटशिला में जहां झारखंड छात्र मोर्चा ने प्रदर्शन किया। वहीं चाईबासा में कोल्हान विश्वविद्यालय छात्र संघ की ओर से डीएसडब्ल्यू व कुलपति को एलबीएसएम कॉलेज में छात्रों के आंदोलन का समर्थन करने का पत्र सौंपा तथा उनकी मांगों को पूरी करने की मांग की।

क्या हैं मांगें

झारखंड की सभी यूनिवर्सिटीज में संताली, ओलचिकी, कुड़माली सहित विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं के लिए अलग से विभाग बनाएं। कोल्हान यूनिवर्सिटी विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों में इसे अनिवार्य रूप से शुरू किए जाने व इनके विभागों के लिए अलग से शिक्षकों की बहाली करने के अलावा अनुबंध पर नियुक्त हुए शिक्षकों को नियमित वेतन दिया जाए।

Posted By: Inextlive