- सीने के आरपार हुई गोली, पति की लाइसेंसी रिवाल्वर से लगी गोली

- शुरुआती छानबीन में पुलिस ने बताया आत्महत्या

- हादसे के समय घर में मौजूद थे पति, बेटा और दो नौकर

LUCKNOW : सूडा के डायरेक्टर आईएएस उमेश प्रताप सिंह की पत्नी अनीता सिंह (42) की घर में गोली लगने से मौत हो गई। गोली अनीता के सीने के आरपार हो गई। परिजन पहले उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा के डॉक्टर ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटना की जानकारी डेढ़ घंटे बाद दी गई। पुलिस आईएएस की पत्नी की मौत को आत्महत्या मान रही है। पुलिस ने कमरे में मिली 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में ले लिया। वही फॉरेसिंक टीम ने जांच पड़ताल की।

सीने के आर-पार हो गई थी गोली

चिनहट के विकल्पखंड 3/128 में आईएएस उमेश प्रताप सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। मौजूदा समय में वह सूडा विभाग में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनके परिवार में बेटा आशुतोष और बेटी उपासना सिंह हैं। बेटा पिता के साथ रहता है जबकि बेटी उपासना नोएडा में पढ़ाई करती है। बताया जाता है कि रविवार दोपहर आईएएस उमेश प्रताप सिंह, बेटा आशुतोष और उसके एक दोस्त के साथ-साथ दो नौकर तुलसीराम, विकास घर में मौजूद थे। घर में पत्नी अनीता सिंह (42) फ‌र्स्ट फ्लोर पर बने अपने बेडरूम में थी। करीब 2.30 बजे परिवार के लोगों को अचानक अनीता सिंह के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनते ही परिवार के लोग दौड़कर कमरे में पहुंचे तो देखा कि अनीता सिंह खून से लथपथ पड़ी थी। उनकी लाइसेंसी 32 बोर की पिस्टल भी गिरी पड़ी थी। एक गोली अनीता सिंह के सीने के आरपार निकल गई थी।

डेढ़ घंटे बाद दी गई पुलिस को सूचना

घटना के बाद परिवार वाले अनीता को सरकारी गाड़ी इनोवा से लेकर गोमतीनगर स्थित निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा में डॉक्टरों ने अनीता सिंह का इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में डॉक्टरों ने अनीता को मृत घोषित कर दिया। एसपी उत्तरी सुर्कीति माधव ने बताया कि इस दौरान घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। शाम करीब चार बजे परिवार वालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर चिनहट पुलिस मौके पर पहुंच गई।

फॉरेसिंक टीम ने की जांच पड़ताल

पुलिस का कहना है कि शुरुआती छानबीन में ऐसा लग रहा है कि अनीता ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर जान दे दी है। हालांकि आत्महत्या का कारण साफ नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि इस मामले में सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। हाई प्रोफाइल मामला होने के चलते पुलिस ने आईएएस उमेश प्रताप सिंह के मकान को सील कर दिया है क्योंकि घर में कोई भी नहीं मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने छानबीन के लिए फॉरेंसिक टीम को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम सबसे पहले पोस्टमार्टम हाउस पहुंची और बैलेस्टिक जांच की कार्रवाई की। इसके बाद टीम अनीता सिंह के घर पहुंची और घटनास्थल की गहनता से छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने अनीता के शव और घटनास्थल से जांच के लिए कुछ नूमनों को लिया है।

Posted By: Inextlive