- दो दिन से इंडेंट न आने पर किसानों में अफरातफरी

- रार्धना में गन्ना क्रय केंद्र पर पड़ी मिली फटी हुई पर्ची

Sardhana : चीनी मिलों की मनमानी के चलते किसान परेशान हैं। दौराला चीनी मिल ने शुक्रवार और शनिवार को इंडेंट नहीं भेजा। रविवार को अवकाश होने की वजह से इंडेंट नहीं आएगा। किसान दो दिन तक बंद पड़े दौराला गन्ना विकास समिति के उप कार्यालय के चक्कर लगाते रहे। जिसके चलते किसानों में चीनी मिल के प्रति गुस्सा है। उन्होंने मिल प्रबंधन को आंदोलन की चेतावनी दी है।

किसान हो रहे परेशान

चीनी मिल देर से चलने और मौसम के मिजाज के चलते किसान पहले से ही खेत में खड़ी गन्ने की फसल को मिल तक पहुंचाने में परेशानी झेल रहे हैं। दूसरी ओर किसानों का आरोप है कि चीनी मिल प्रबंधन की मनमानी उन्हें परेशान कर रही है। दौराला चीनी मिल ने शुक्रवार और शनिवार को इंडेंट समिति कार्यालय पर नहीं भेजा। किसान छबडि़या मोड़ स्थित समिति के उप कार्यालय के चक्कर काटते रहे। मगर कार्यालय बंद देख परेशान होकर वापस लौट गए। किसानों का कहना है कि मिल प्रबंधन जान-बूझकर किसानों को परेशान कर रहा है। जिसके चलते इंडेंट जारी नहीं किया जा रहा। वहीं शनिवार को रार्धना गांव में मिल के क्रय केंद्र पर किसानों को गन्ना पर्ची पड़ी मिली, जिनमें से कई फटी हुई थी। इससे किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। क्षेत्र निवासी किसान सुभाष, विनोद, अशोक, सुदेश, सतीश, अरविंद, जयपाल, हरपाल, अनिल, सुबोध, हरीश आदि ने चेतावनी दी है कि चीनी मिल ने किसानों को परेशान करने का रवैया नहीं बदला तो उन्हें उग्र आंदोलन को मजबूर होना पड़ेगा। इस संबंध में मिल के उप प्रबंधक जेपी तोमर से बात करने का प्रयास किया गया, मगर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

Posted By: Inextlive