विकासनगर में 3, शाहदेवनगर में 4 और लक्ष्मीनगर में 6 लोग पिछले कुछ महीनों में दे दी है अपनी जान

RANCHI : वजहें चाहे जो भी हो, लेकिन पंडरा ओपी एरिया में सुसाइड के मामले कुछ ज्यादा ही हो रहे हैं। पिछले कुछ महीनों के दौरान लक्ष्मीनगर में 6, विकास नगर में 3 और शाहदेव नगर में 4 लोग अपनी जान दे चुके हैं। इनमें से कुछ मामले प्रेम प्रसंग तो कुछ पारिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी से जुड़े थे। सुसाइड की बढ़ रही घटनाओं की वजह से पंडरा एरिया को तो कुछ ने सुसाइड गली तक कहना शुरू कर दिया है।

राजकुमार ने फांसी लगा कर दी जान

2 मई, 2015: राजकुमार (23) ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। मूल रूप से यूपी के इटावा का रहनेवाला राजकुमार लक्ष्मीनगर में वासुदेव साहू के मकान में किराएदार के तौर पर रहता था। पुलिस को आशंका है कि राजकुमार का दो औरतों के साथ नाजायज संबंध था। बताया गया कि जिस मकान में राजकुमार में रहता था, उस घर के मालिक के बेटे ने भी फांसी लगाकर जान दे दी थी।

विवाह पर एतराज, लगा ली फांसी

0 मार्च 2015 : 21 वर्षीय श्रुति लता ने फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। पंडरा बस्ती निवासी देवेंद्र सिंह की वह बेटी थी। परिजनों ने श्रुति की शादी तय कर दी थी, पर, उसे इस शादी से एतराज था। इसे लेकर घर में विवाद होते रहता था। 10 मार्च की रात भोजन करने के बाद सभी अपने कमरे में सोने के लिए चले गए तो श्रुति ने फांसी लगा ली।

महिला ने खुद को आग में झोंका

9 मार्च, 2015: ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर 25 वर्षीय बिंदू देवी ने खुद को आग के हवाले कर दिया। 10 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने रिम्स में दम तोड़ दिया। इस बाबत पंडरा ओपी में बिंदू देवी के पति रंजीत चौधरी समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पति जेल में है।

फंदे से झूल गया था शंभु महतो

27 जनवरी, 2015: पंडरा के मंडप टोला निवासी दुर्गा महतो का पुत्र 28 वर्षीय शंभू महतो ने फंदे से झूलकर जान दे दी। दुर्गा ने पुलिस को बताया कि रात में सब खाना-पीना खाकर सो गए थे। सुबह जब उसकी मां मुन्नी देवी उसे चाय देने के लिए उठी तो दरवाजा बंद था। जब दरवाजा खोला गया तो शंभू महतो की बॉडी फंदे से लटकी हुई थी।

चार बच्चों के साथ दे दी जान

9 सितंबर, 2013: आर्थिक तंगी के कारण लक्ष्मीनगर निवासी संजय कुमार की पत्‍‌नी रीता देवी अपने चार बच्चों के साथ कांके डैम में छलांग लगा दी थी। इस हादसे में पांच की मौत हो गई थी। जिस समय यह घटना हुई, रीता देवी का पति संजय कुमार अपने बीमार पिता से मिलने के लिए गांव गया हुआ था।

सल्फास की खा ली गोली, मौत

27 जून, 2012: पंडरा ओपी एरिया के विकास नगर में रहनेवाली मंजू शर्मा ने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने उसके पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया था। सुसाइड नोट में मंजू ने अपनी मौत का जिम्मेवार एडवोकेट शिवल कुमार मेहता पर लगाया था। यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है।

फार्मेसी छात्रा ने कर ली आत्महत्या

9 सितंबर, 2011: पंडरा ओपी क्षेत्र के शाहदेवनगर स्थित विमला प्रसाद के मकान में किराएदार छात्रा नंदिनी कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह बरियातू स्थित राजकीय फार्मेसी संस्थान में सेकेंड ईयर की छात्रा थी।

Posted By: Inextlive