अगले दो दिन और बारिश के आसार

LUCKNOW : तेज आंधी पानी के साथ सोमवार को मौसम का मिजाज बदल गया। राजधानी और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग ने फिलहाल अगले दो दिन ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

चली धूल भरी आंधी

सोमवार को सुबह से तेज धूप खिली हुई थी और पारा भी आसमान पर था। दोपहर बाद दो बजे के करीब तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चली। जिसके बाद करीब एक आधे घंटे तक अलग अलग इलाकों में झमाझम बारिश हुई। तेज आंधी के साथ राजधानी में दर्जनों पेड़ धराशायी हो गए। तो बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति घंटों तक बाधित रही।

तापमान में आई गिरावट

बारिश के बाद ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया। यंगस्टर्स बारिश का लुत्फा उठाते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेस के कारण मौसम में बदलाव आया है। जिसके अभी दो दिन और बने रहने के आसार हैं। मंगलवार को और बुधवार को भी बादल छाए रहने और बारिश के आसार है। कुछ स्थानों पर आंधी तूफान के साथ ओले पड़ने के भी आसार हैं।

बारिश से शहर जलमग्न

करीब आधे घंटे की ही बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। साथ ही मानसून से पहले ही नगर निगम को चेतावनी भी दी। कुछ देर की बारिश में ही आजाद नगर, कांकरटोला, सुभाष नगर, सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

पानी से बिजली गायब, लिफ्ट फंसी

आंधी पानी के कारण कई इलाकों में बिजली गुल होने के कारण केजीएमयू की लिफ्ट भी थम गई। ट्रॉमा सेंटर में पांच मिनट तक तीमारदार लिफ्ट में ही फंसे रहे। जनरेटर बैकअप मिलने के बाद ही लिफ्ट चल सकी। उधर सिविल अस्पताल की लिफ्ट भी काफी देर तक फंसी रही। सिविल अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में भर्ती मरीज से मिलने जा रहे लोग सोमवार दोपहर अचानक लिफ्ट में फंस गए। लिफ्ट न खुलने से हड़कंप मच गया। एक तीमारदार ने जानकारी फोन पर चिकित्सा अधीक्षक को जानकारी दी जिसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर लिफ्ट खुलवाई। करीब 13 मिनट तक तीमारदार फंसे रहे।

Posted By: Inextlive