आगरा। ताजनगरी के एकमात्र पर्यटन इवेंट ताज महोत्सव के लिए एक नवंबर को बैठक होने जा रही है। इसमें आयोजन स्थल, पार्किंग स्थल, फन फेयर समेत अन्य निर्णय लिए जाएंगे। महोत्सव का आयोजन ताजनगरी में प्रतिवर्ष 18 से 27 फरवरी तक होता है।

आगरा में वर्ष 1992 में ताज महोत्सव की शुरुआत शिल्पग्राम से हुई थी। तबसे यह फरवरी में 18 से 27 तारीख तक होता रहा है। वर्ष 2012 व 2017 में विधानसभा चुनावों के चलते आयोजन फरवरी में नहीं हुआ था। फरवरी, 2020 में होने वाले ताज महोत्सव को लेकर पहली बैठक की तिथि एक नवंबर तय की गई है। महोत्सव समिति के अध्यक्ष कमिश्नर अनिल कुमार की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में बैठक होगी। इसमें महोत्सव के आयोजन को समितियां बनाने, अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने समेत अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। कलाकारों को बुलाने पर भी चर्चा की जाएगी।

Posted By: Inextlive