प्रोफेसर के मकान में किराए पर रहता है किशोरी का परिवार

पुलिस ने किशोरी का कराया मेडिकल

Meerut। प्रोफेसर द्वारा किशोरी से छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी के बयान नोट करके उससे मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा। साथ ही नौचंदी थाने में प्रोफेसर के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज किया गया।

यह है मामला

नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर सेक्टर 3 के एक मकान में डॉ। पवन कुमार शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। पवन बरेली डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं। उन्होंने गत् सितंबर 2017 से अपने मकान का एक पोर्शन एक महिला को सात हजार रूपये मासिक किराए पर दे रखा है। आरोप है कि शनिवार दोपहर को पवन शर्मा उक्त महिला से किराया मांगने आया। उस वक्त किराएदार की 13 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। आरोप है कि प्रोफेसर ने किशोरी के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उससे अकेला पाकर उसके साथ छेड़खानी करते हुए गंदी नियत से उसे पकड़ लिया। शोर मचाने पर वह भाग गया।

पुलिस को दी सूचना

किशोरी की मां ने तुंरत ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। किशोरी के बयान नोट करके पुलिस ने उसे डाक्टरी के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्रोफेसर के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कर लिया गया है। किशोरी के 164 में बयान दर्ज कराए जाएंगे। उसके आधार ही पर केस में धाराओं को बढ़ाया जाएगा।

किराए पर विवाद

सीओ सिविल लाइन रामअर्ज का कहना है कि किशोरी की मां ने घटना की जानकारी अगले दिन दी है। इसके बाद ही पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की है। छानबीन में निकलकर आया है कि किराए को लेकर उनका आपस में मतभेद चल रहा था। किशोरी की मां पर 38 हजार रूपये किराए का बाकी है।

Posted By: Inextlive