देशभर में गर्मी की मार कम होने का नाम नहीं ले रही है। देश के कई हिस्सों में सूरज ने अपने तेवर और तीखे कर दिए। राजस्थान के चुरु में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया। मैदानी ईलाकों से लेकर पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी के तीखे तेवर से लोग परेशान है। इस प्रचंड गर्मी के चलते अस्पतालों में डायरिया की शिकायत वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।

दतिया और मुरैना में तापमान 46 डिग्री पहुंचा
सूरज की तेज तपन के चलते मप्र के दतिया और मुरैना में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा पंजाब-हरियाणा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश भी गर्मी की मार से झुलस रहे हैं। यूपी भी गर्मी से बेहाल है। यहां बांदा, फतेहपुर में पारा 47 तक पहुंच चुका है। इसके अलावा सोमवार को इलाहाबाद, उरई, हमीरपुर में भी तेज तपन महसूस की गई।

 

राजस्थान में भीषण गर्मी
राजस्थान में गमीज़् के तेवर तीखे रहे। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहा। चुरू जिले में तापमान 47 डिग्री पार कर गया। वहीं जैसलमेर का तापमान 46।5 डिग्री, जयपुर में 44।5 डिग्री, श्रीगंगानगर में 45 डिग्री, कोटा में 45।5 डिग्री, उदयपुर में तापमान 42 डिग्री रहा।

 

दिल्ली में टूटा रिकॉर्ड
दिल्ली में गर्मी ने रविवार को ही पिछले सात साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सोमवार को भी लोगों ने झुलसाने वाली गर्मी महसूस की।  मौसम के  जानकारों का कहना है कि अभी अगले दो दिन इससे राहत के आसार भी नहीं हैं। हरियाणा के भिवानी जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में रात का भी तापमान बढ़कर 30 डिग्री पर पहुंच गया है।

 

हिमाचल में फिर सताने लगी गर्मी
हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रदेश का अधिकतम तापमान पांवटा व ऊना में 40।5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जम्मू-कश्मीर में लोग तेज धूप और गर्म लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हैं। जम्मू संभाग में तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया है।

National News inextlive from India News Desk


Posted By: Satyendra Kumar Singh