-बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों का आज से कार्य बहिष्कार

-प्राचार्य और अस्थायी कर्मचारियों के बीच रुक नहीं रहा विवाद

BAREILLY: बरेली कॉलेज आज खुलेगा या नहीं, इस पर फिर से संशय के बादल छा गए हैं। डीएम ने 24 अगस्त से कॉलेज खुलने की बात कही थी। लेकिन प्राचार्य और अस्थायी कर्मचारियों के बीच उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्राचार्य ने मंगलवार को अभद्रता करने वाले पांच अस्थायी कर्मचारियों के खिलाफ बारादरी में एफआईआर दर्ज करा दी। इसके बाद कॉलेज के अस्थायी कर्मचारी भी आरपार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं। अस्थाई कर्मचारी गुरुवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे और प्राचार्य के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर एसएसपी को दी। अस्थायी कर्मचारियों ने शुक्रवार से कार्य बहिष्कार की चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक अस्थाई कर्मचारियों पर दर्ज एफआईआर प्राचार्य वापस नहीं लेंगे कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। वहीं कॉलेज प्राचार्य ने बताया कि शुक्रवार को कॉलेज हर हाल में खोला जाएगा।

तो प्रशासन ही खुलवा सकता है कॉलेज

बरेली कॉलेज को खुलवाने के लिए डीएम वीरेन्द्र कुमार सिंह और एसएसपी मुनिराज ने सुरक्षा का भरोसा प्राचार्य डॉ। अजय शर्मा को दिया था। ऐसे में कॉलेज 24 अगस्त को खुलने की बात चल रही है। लेकिन अस्थायी कर्मचारियों ने 23 अगस्त को प्राचार्य के खिलाफ कॉलेज के ही अस्थायी कर्मचारी वीरेन्द्र कुमार सिंह मारपीट का आरोप लगाते हुए एसएसपी को तहरीर दी है। इसके बाद कर्मचारी सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में एकत्र हुए और रणनीति बनाई। जिसके बाद निर्णय लिया कि सभी अस्थायी कर्मचारी 24 अगस्त से कॉलेज में कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। साथ ही सभी कर्मचारी ऑफिस के बाहर धरना पर बैठेंगे। कॉलेज के कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि वह सुबह को कॉलेज का ताला नहीं खोलेंगे।

======

डीएम और एसएसपी ने सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया है। कॉलेज में पुलिस मौजूद रहेगी। सभी स्टूडेंट्स कॉलेज आएं, क्लासेस भ्ाी चलेंगी।

-डॉ। अजय शर्मा, प्राचार्य बरेली कॉलेज बरेली

------

कॉलेज के प्राचार्य डॉ। अजय शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए एसएसपी को तहरीर दी है। जब तक हमारे ऊपर दर्ज एफआईआर प्राचार्य वापस नहीं लेंगे, तब तक हम लोग कार्य बहिष्कार कर रहकर शांतिपूर्वक धरना देंगे।

-जितेन्द्र मिश्रा, अध्यक्ष अस्थायी कर्मचारी संघ

Posted By: Inextlive