RANCHI: छठ महापर्व रांची में धूमधाम से मनाया जाता है। वहीं दूर-दराज से भी लोग छठ करने रांची अपने घर पहुंचते हैं। इस वजह से छठ घाटों पर काफी भीड़ होती है। वहीं भीड़ के कारण अफरा-तफरी जैसी स्थिति से निपटने के लिए रांची नगर निगम ने इस बार सिटी में टेंपररी तालाब बनाने का निर्णय लिया है। वहीं तालाबों के निर्माण को लेकर काम भी शुरू कर दिया गया है ताकि नहाय खाय से पहले टेंपररी तालाबों का निर्माण पूरा हो जाए। ऐसे में श्रद्धालुओं को अपने आसपास में ही घाट मिल जाएंगे और उन्हें भीड़ से छुटकारा भी मिल जाएगा।

पांच जगह होगी व्यवस्था

नगर निगम सिटी में अस्थाई तालाबों का निर्माण कराएगा। इसके लिए हरमू, किशोरगंज, सरोवर नगर, विद्यानगर, मधुकम इलाके को चुना गया है, जहां छठ करने वाले व्रतियों की संख्या अधिक है। तालाबों के निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। इन जगहों पर गढ्डा कर उसमें पानी टैंकर से भरा जाएगा। वहीं छठ करने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो इसका भी खयाल रखा जाएगा।

घाट पर चेंजिंग रूम

पर्व के दौरान व्रतियों को अ‌र्घ्य के बाद कपड़े बदलने होते हैं। ऐसे में नगर निगम की ओर से इस बार सिटी के सभी छठ घाटों पर चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे, ताकि व्रतियों को कोई परेशानी न हो। वैसे तो कुछ घाटों पर यह व्यवस्था पहले भी रही है। लेकिन इस बार डिप्टी मेयर के निर्देश पर सभी घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था होगी।

रोशनी का रहेगा इंतजाम

दो दिनों के बाद छठ पर्व शुरू हो जाएगा। इसे लेकर तालाबों की सफाई कराने का आदेश दिया गया है। वहीं तालाबों की सीढि़यों से कचरा हटाकर व्यवस्था दुरुस्त करने में नगर निगम के सफाई कर्मी लगा दिए गए हैं। इसके अलावा हर इलाके से कचरा उठाव भी सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि आस्था के इस पर्व में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। इन घाटों पर नगर निगम लाइट और टॉयलेट भी उपलब्ध कराएगा। वहीं घाटों पर जेनरेटर की भी सुविधा दी जाएगी।

वर्जन

छठ आस्था का पर्व है और काफी संख्या में लोग यह पर्व करते हैं। बाहर से भी लोग इस पर्व में घर आते हैं। इन सब चीजों को देखते हुए ही छठ घाटों पर पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि व्रत करने वालों के साथ उनके परिजनों को भी दिक्कत न हो।

-संजीव विजयवर्गीय, डिप्टी मेयर, रांची

Posted By: Inextlive