-कल्याणपुर के मिर्जापुर इलाके का है मामला, छह महीने पहले हुई थी शादी

-शादी के पहले से चल रहा था प्रेम प्रसंग, 1.30 लाख की नगदी और जेवर भी ले गई

- पति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, पुलिस ने शुरू की मामले की पड़ताल

KANPUR : कल्याणपुर में एक युवक की शादी के छह महीने भी नहीं हुए कि पत्नी उसे छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई। विवाहिता फार्म भरने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। वो अपने साथ नगदी और जेवर भी ले गई है। परिजनों ने थाने में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

फार्म भरने के बहाने निकली

कल्याणपुर के मिर्जापुर में रहने वाले रवि प्रकाश प्राइवेट जॉब करते हैं। उनके बेटे शुभम की 7 मई को कानपुर देहात की रहने वाले पूजा से शादी हुई थी। पूजा शादी के बाद से ही ससुराल में उदास रहती थी। शुभम ने उससे कई बार रीजन जाने की कोशिश की, लेकिन वो हर बार बहाने बनाकर बात को टाल देती थी। रवि को भी लगता था कि शायद उसे एडजस्ट होने में दिक्कत हो रही है। मंगलवार को शुभम रोज की तरह सुबह काम पर निकल गया। उसके घर से निकलते ही पूजा फार्म भरने के बहाने घर से निकल गई।

जेवर, कपड़े व नगदी गायब

पूजा देर शाम तक घर नहीं लौटी तो सास ने शुभम को सूचना दी। शुभम ने उसको मायके समेत अन्य रिश्तेदारों से पता किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसी बीच उनको एक रिश्तेदार से पूजा का सुनील नाम के लड़के से प्रेम प्रसंग का पता चला तो उनके होश उड़ गए। रिश्तेदार के मुताबिक उसका शादी के पहले से सुनील से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आनन फानन उन्होंने घर पर चेक किया तो पता चला कि वो अपने जेवर, कपड़े के साथ ही घर पर रखी 1.30 लाख की नगदी भी ले गई है। परिजनों ने उसके खिलाफ कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। एसओ एके सिंह का कहना है कि पुलिस पड़ताल कर रही है। जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।

Posted By: Inextlive