JAMSHEDPUR: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के देवनगर बजरंग पथ निवासी महिला कांग्रेस की नेता पूजा सिंह के घर में घुसकर चोरों ने शनिवार की सुबह 45 हजार 500 रुपये नकद, मोबाइल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और गहने चुरा लिये। पूजा सिंह के पति सत्येंद्र सिंह को पड़ोसी रामू, कल्लू, पप्पू सिंह और वीरेंद्र गुप्ता पर चोरी को अंजाम देने का संदेह है। पूजा सिंह के अनुसार अलमारी में रखा उनका गहने का पूरा बैग ही गायब है, जिसमें करीब पांच-छह लाख रुपये के गहने थे।

सत्येंद्र सिंह ने थाने में की गई शिकायत में बताया है कि सुबह पांच बजे दोनों (पति-पत्नी) घर से कुत्ते को लेकर घर के बाहर मॉर्निग वॉक करने के लिए निकले थे। घर के मुख्य गेट पर उन्होंने कुंडी लगा दी थी। आधे घंटे बाद वापस लौटे तो देखा कि घर की कुंडी अंदर से बंद है। बालकोनी जाने पर देखा कि बेटी की आलमारी खुली हुई है। पर्स रूम में फेंका हुआ है। यह देखकर बेटी को जगाया। बेटी से पूछा कि बैग किसने फेंका है। बेटी ने जवाब दिया कि उसने नही फेंका। पत्नी के आभूषण का बैग के संबंध में पूछा तो वह भी गायब मिला। इसके बाद पता चला कि आलमारी और ब्रीफकेस भी खुल हुआ था। इसमें घर खर्च के लिए 40 हजार रुपये रखे थे, जो गायब थे। पत्‍‌नी का पर्स भी नहीं मिला। उसमें 5500 रुपये थे। पुत्री की कमरे से मोबाइल, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र समेत अन्य सामान गायब थे।

Posted By: Inextlive