- गली मोहल्लों में नहीं हो रहा लॉकडाउन का पालन

-अपने घरों से बाहर पड़ोसियों से करते हैं गपशप

आगरा। आगरा में कोरोनावायरस के केसेज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसके लिए 21 दिन के लॉकडाउन के बाद पूरे देश में 3 मई तक और लॉकडाउन को एक्सटेंड कर दिया है। इसका असर शहर के चौराहों और रोड पर तो दिख रहा है लेकिन गलियों और घनी बस्तियों में इसका अभी भी ठीक से पालन नहीं हो रहा है। यहां पर सुबह पूरा मजमा सजा रहता है। लोग अपनी जरूरत का साजो सामान लेने के लिए आम दिनों की तरह घरों से बाहर निकल आते हैं। दोपहर से लेकर शाम तक चौपालों पर बैठे रहते हैं और गप्पे लड़ाते हैं। इन्हें देखकर तो ऐसा लगता है मानो सोशल डिस्टें¨सग भी कोई चीज होती है, जो आज कोरोनावायरस को रोकने की सबसे बड़ी दवा है। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट ने इसका सिटी के कुछ एरियाज में रियलिटी चेक किया।

केस-1 नगला पदी

इस बड़े क्षेत्र में अब तीन क्षेत्रों को सील कर दिया गया है। यहां पर कोरोनावायरस के पॉजिटिव पेशेंट्स मिले हैं। लेकिन यहां पर इन सील क्षेत्रों से दो सौ मीटर की ही दूरी पर रोज सुबह-शाम लोगों का मजमा लगा रहता है। यहां पर सुबह-सुबह लोग अपने घरों से सामान लेने बड़ी तादाद में निकलते हैं। इसके साथ ही यहां पर नाई भी अपनी दुकान को खोलते हैं। दोपहर को यहां पर लोग अपने घरों से बाहर निकलकर एक-दूसरे के साथ गलबहियां करते हुए भी दिख जाते हैं। यहां पर सोशल डिस्टें¨सग की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

केस- 2 राधा नगर

कोरोनावायरस से बचाव के लिए पूरे शहर में लॉकडाउन लागू है, लेकिन राधा नगर की गलियों में आपको ऐसा कुछ नजर नहीं आएगा। इस वक्त लोगों को कहीं जाना नहीं है तो टाइम ही टाइम है। उसे पास करना तो है ही, इसके लिए सबसे अच्छा घर के बाहर अपने पड़ोसियों के साथ बगल में बैठकर गॉसिप करना सबसे अच्छा है। कोरोनावायरस होगा तब की तब देखेंगे। शायद ऐसा सोचना है राधानगर वासियों का। एक ओर घर से बाहर बिना मास्क निकलने पर कार्रवाई की जा रही है। लेकिन यहां पर लोग घर से बाहर निकल नंगे मुंह अपने पड़ोसियों और दोस्तों के साथ गप्पे लड़ा रहे हैं। यहां पर लॉकडाउन और सोशल डिस्टें¨सग का कोई पालन नहीं हो रहा है।

केस-3 शाहगंज

शाहगंज क्षेत्र में अब तक कई कोरोना सस्पेक्ट्स और कुछ पॉजिटिव भी मिल चुके हैं। लेकिन यहां के लोगों की सेहत पर इसका कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है। वे यहां पर बेझिझक अपने घर से बाहर टहल रहे हैं। पास की दुकानों पर लोगों का मजमा सजा हुआ है। या फिर मोहल्ले में ही दोस्तों की महफिल सजी हुई है। हां, ये जरूर है कि इनकी गॉसिप का मुद्दा कोरोनावायरस ही है। यहां पर हर कोई कोरोनावायरस को लेकर अपना ज्ञान झाड़ रहा है। लेकिन वे इस बात को बिल्कुल नहीं देख रहे कि वे भी लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं और खुद के लिए और दूसरों के लिए खतरा साबित हो रहे हैं।

लॉकडाउन में रहें घर के भीतर

तेजी से बढ़ते कोरोनावायरस को यदि रोकना है तो कोरोनावायरस की इस कड़ी को तोड़ने के लिए लॉकडाउन का पालन करना होगा। अपने घरों से बाहर बिल्कुल न निकलें। जरूरत होने पर ही मास्क पहनकर अकेले घर से बाहर निकलें। लोगों से दो मीटर की दूरी बनाए रखें और कुछ जरूरी सामान लेते वक्त संयम रखते हुए सोशल डिस्टें¨सग का विशेष ध्यान रखें।

लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस लगातार मूवमेंट कर रही है। बीते दिनों धूलियागंज, फ्रीगंज, शहीद नगर का निरीक्षण किया गया था। सभी थानों से अपने-अपने क्षेत्रों में मूवमेंट के आदेश दिये गए हैं।

-रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive