प्रधान पति समेत छह लोगों को किया घायल, सभी खतरे से बाहर

भागते समय ट्यूबवेल के कुएं में गिरने के बाद तेंदुए को अफसरों ने किया कैद

कानपुर से एक्सपर्ट की टीम पहुंचने के बाद कुएं से निकाला जाएगा तेंदुआ

ALLAHABAD: प्रतापगढ़ जिले के बाघराय एरिया में एक बार फिर तेंदुए की दस्तक से शुक्रवार की भोर लोग दहशत में आ गए। तेंदुए को देख बूढ़ेपुर गांव में भगदड़ मच गई। दहशतजदा लोग शोर मचाने लगे। शोर से बौखलाए तेंदुए ने प्रधान पति समेत छह लोगों पर हमला बोल दिया। इससे वे सभी घायल हो गए। खबर पाते ही वन विभाग के अधिकारी व क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची। खुद को बचाने के लिए भाग रहा तेंदुआ गांव के पास एक ट्यूबवेल के गहरे कुएं में गिर गिया। इसके बाद ग्रामीण व अफसर राहत की सांस लिए।

कौशाम्बी डीएफओ ने संभाला मोर्चा

बूढ़ेपुर गांव निवासी किसान जवाहर लाल शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे मवेशियों को चारा देने के घर के सामने बने कमरे से भूसा निकालने गए हुए थे। उन्हें देखते ही भूसे के कमरे में पहले से छिपे तेंदुए ने दहाड़ना शुरू कर दिया। तेंदुए पर नजर पड़ते ही जवाहर लाल की हूक निकल गई। शोर मचाते हुए वे जान बचा कर भागे तो तेंदुए ने हमला करके उन्हें घायल कर दिया। उनकी आवाज सुन बचाने के लिए ग्रामीण दौड़ पड़े। वहां पहुंचे ग्रामीण तेंदुए को भगाने का प्रयास करने लगे। इससे बौखलाए तेंदुए ने गांव के रामचंद्र, शिव भवन मिश्रा, जीतलाल, तुलसीराम, छेउंगा के प्रधानपति रामलाल सरोज के ऊपर भी हमला करके उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीणों की भीड़ बढ़ी तो तेंदुआ भागने लगा। भागते समय तेंदुआ अशोक मिश्र के ट्यूबवेल के कुएं में गिर गया। यह देख लोग कुएं में पुआल डाल कर आग लगा दिए। इतने में पहुंचे वन विभाग के अधिकारी व पुलिस ने बगैर देर किए आग बुझा दी। आग बुझने के बाद अधिकारियों ने कुएं के ऊपर टिनशेड एवं तख्त आदि रख कर तेंदुए को कुएं में ही कैद कर लिया। बतादें कि प्रतापगढ़ के डीएफओ अवकाश पर हैं। लिहाजा कौशाम्बी के डीएफओ ओपी अंबस को टीम के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए कानपुर से एक्सपर्ट बुलाए गए हैं। तेंदुआ सही सलामत है। हालांकि खबर लिखे जाने तक कानपुर की टीम नहीं पहुंच सकी थी।

भगदड़ में करीब 50 लोग जख्मी

तेंदुआ भूसे के कमरे से निकल भागा तो उसे देखने के लिए पहुंचे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। भगदड़ में एक दूसरे पर गिरने की वजह से 50 से अधिक लोग जख्मी हो गए। गनीमत यह रही कि किसी को ज्यादा चोटें नहीं आई। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां सभी को डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताया। लोगों की मानें तो एरिया में तेंदुए का यह दूसरी बार अटैक हुआ है।

Posted By: Inextlive