-दुबई से आई महिला और आबु धाबी से आए युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव, मुख्य सचिव दीपक कुमार ने जताई चिंता

PATNA: बिहार में कोरोना पॉजिटिव के केसेज लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को आरएमआरआई में सैंपल जांच रिपोर्ट में दो पॉजिटिव केस मिले हैं। इस प्रकार अब तक बिहार में 24 पॉजिटिव केस मिलने की पुष्टि हो चुकी है। इसमें खास बात यह है कि ये दोनों पॉजिटिव केस विदेश से आए हैं। इसमें एक केस नालंदा, सिलाव का है, जो कि हाल ही में आबू धाबी से बिहार लौटा था। जबकि दूसरा पॉजिटिव केस गया की एक महिला का है। यह महिला भी हाल ही में दुबई से गया वापस लौटी थी। स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक जानकारी में भी इस बात की पुष्टि की गई है। मंगलवार की देर रात आरएमआरआई में 46 सैंपल की जांच की गई थी। जिसमें एक केस बेगूसराय का पॉजिटिव पाया गया था। इसके साथ बुधवार की देर शाम तक 222 सैंपल की जांच की गई। इसमें और केस पॉजिटिव मिले। वहीं,आईजीआईएमएस में जांच के लिए 91 सैंपल भेजे गए थे। सभी की रिपोर्ट बुधवार की शाम तक आ गई थी। सभी केस निगेटिव पाए गए हैं।

विदेश से लौटने वालों से कोरोना का बढ़ रहा चैलेंज

बिहार में कोरोना के बढ़ते केसेज की कड़ी दर कड़ी पड़ताल में यह साफ हो गया है कि विदेश से आने वाले ही इसका इनफेक्शन चेन बना रहे हैं। बिहार में कोरोना के पहले केस से लेकर अब तक के पॉजिटिव केसेज में अधिसंख्य रुप से कहीं न कहीं से विदेशी टूर से लौटे लोग हैं। बुधवार को राज्य के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने भी चिंता जताई है। पटना के सिविल सर्जन डॉ आरके चौधरी ने भी माना है कि बिहार में जिस सैफ की मौत कोरोना से हुई, उसके संपर्क में आने वाले 11 लोग पॉजिटिव पाए गए। सैफ कतर से लौटा था, मुंगेर, भागलपुर और पटना में इलाज के बाद मौत हुई थी।

आया था अबु धाबी से

बुधवार को नालंदा, सिलाव का रहने वाला एक युवक का सैंपल पॉजिटिव पाया गया है। उसका सैंपल सदर हॉस्पिटल से आरएमआरआई भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पता चला कि वह अबु धाबी से आया था।

दुबई से लौटी थी महिला

गया की रहने वाली और दुबई से लौटी एक महिला का सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव पाया गया। बुधवार को आरएमआरआई में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद फारेन ट्रैवल हिस्ट्री का खुलासा हुआ।

Posted By: Inextlive