- विरोध करने पर बदमाशों ने किसान पर धारदार हथियार से हमला कर किया घायल

BHAGWANPUR: बदमाशों ने किसान के घर में धावा बोलकर नकदी, जेवरात और कीमती सामान लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से किसान को घायल कर दिया। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश

वारदात भगवानपुर के समीपवर्ती गांव अलावलपुर में किसान राजेंद्र कुमार के घर हुई। राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब दो बजे छह बदमाश दीवार फांदकर उनके घर में घुसे। कमरे में दाखिल होकर उन्होंने अलमारी में रखी दो लाख नकदी और जेवरात लूट लिए। आहट होने पर नींद खुली तो उन्होंने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके हाथ में चोट आई है। इसके बाद बदमाश लूटा हुआ सामान लेकर फरार हो गए। शोर होने पर आसपास के ग्रामीण भी घरों से बाहर निकले और काफी दूर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। भगवानपुर थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने बताया कि किसान ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी में बदमाश भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों की पहचान की जा रही है।

Posted By: Inextlive