RANCHI: रांची पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए क्क् चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी रातू और मांडर थाना क्षेत्र से हुई है। बताया जा रहा है कि रातू क्षेत्र से पांच और मांडर क्षेत्र से छह पकड़े गए हैं। पकड़े गए चोर साहेबगंज इलाके के बताए जा रहे हैं। इनके पास से गैस कटर समेत घरों के ताला तोड़ने के कई औजार भी बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, इन चोरों का आतंक रांची ही नहीं बल्कि राज्य के अन्य जिलों में भी है। चोरी के अलावा लूटपाट और झपटमारी भी इनका काम है। पुलिस इन चोरों को फिलहाल गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। और भी चोरों के पकड़े जाने की संभावना है। मुख्यालय दो के डीएसपी विजय कुमार सिंह ने बताया गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बड़ी मात्रा में चोरी के सामान बरामद हो सकते हैं।

रातू थाना में जुटे कई थानेदार

पकड़े गए चोर गिरोह के सदस्यों से पूछताछ करने के लिए जिले के कई थानेदार जुटे हैं। थानेदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों की चोरी के संबंध में पूछताछ की। इसमें कई मामलों में चोरों ने स्वीकारोक्ति बयान भी दिया है। बताया जा रहा है कि इस बड़े गिरोह के पकड़े जाने से रांची में हुई चोरी, लूटपाट, झपटमारी सहित कई मामलों का खुलासा होगा।

साहेबगंज गई है पुलिस की टीम

सूत्रों से खबर है कि रांची पुलिस की एक टीम साहेबगंज के लिए भी रवाना हुई है। इसके अलावा जमशेदपुर और देवघर पुलिस से भी रांची पुलिस संपर्क कर रही है। देर रात तक इस गिरोह के संबंध में पुलिस पता लगाने में जुटी रही।

Posted By: Inextlive