RANCHI: पुलिस ने राजधानी के एक ऐसे चोर गिरोह का खुलासा किया है जो दिन में ही चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। यह गिरोह चोरी के लिए रात का इंतजार नहीं करता है। इस गिरोह ने राजधानी रांची में आतंक मचा रखा था। पिछले एक महीने में इस गिरोह ने रांची के पांच थाना क्षेत्रों के 50 घरों को निशाना बनाया है। गिरफ्तार चोरों के अनुसार, शहर के विभिन्न अपार्टमेंट में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। कांके रोड स्थित एक अपार्टमेंट में चोरी के दौरान इनकी तस्वीरें सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर ही रांची के गोंदा इलाके से दोनों चोरों को गिरफ्तार किया गया है। गोंदा थाना प्रभारी सपन महता के अनुसार, पुलिस गिरोह के सरगना सिकंदर गद्दी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है और उसके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उसके गिरफ्तार होने के बाद चोरी के सामान बरामद होने की संभावनाएं हैं।

रेकी कर चोरी

गिरफ्तार चोर फिरोज खान और अशरफ शाह ने बताया कि उनके गैंग में दो और सदस्य सिकंदर और समी खान हैं, जो किसी भी अपार्टमेंट में घुसकर सीधे छत पर चले जाते थे। इसके बाद सीढ़ी से नीचे उतरकर वे इस बात का पता लगा लेते थे कि किस फ्लैट के लोग फिलहाल बाहर हैं।

ऐसे करते थे चोरी

जिस फ्लैट में ताला लगा होता था, दोनों उस फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के लिए सिकंदर और फिरोज अपार्टमेंट के अंदर जाते थे तो वहीं अशरफ वहां के गाडरें को अपनी बातों में उलझा कर रखता था। इस दौरान सभी चोर एक दूसरे से फोन से संपर्क में रहते थे। क्योंकि यह गिरोह दिन में चोरी की वारदात को अंजाम देता था, ऐसे में कोई भी इन पर शक भी नहीं करता था।

हिंदपीढ़ी का सिकंदर गद्दी है सरगना

रांची के गोंदा थाना प्रभारी सपन महता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने ये खुलासा किया है कि उनके गिरोह का सरगना रांची के हिंदपीढ़ी का रहने वाला सिकंदर गद्दी है। वह हर दिन एक चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश करता है।

गर्लफ्रेंड को दे देता है पैसे

गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस के सामने यह खुलासा किया है कि उनका सरगना सिकंदर चोरी के पैसे अपनी गर्लफ्रेंड जो कोलकाता में रहती है उसके बैंक अकाउंट में जमा करवा देता है। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कोलकाता भाग जाता है, फिर कुछ दिन वहां मौज-मस्ती कर रांची लौट आता है। उसके बाद फिर से चोरी की वारदात को अंजाम देने में जुट जाता है।

सिटी में 50 से अधिक चोरी की

सिकंदर गद्दी के गिरोह ने राजधानी में 50 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। इस दौरान उन्होंने लाखों के गहने, नगदी और कई कीमती सामानों पर अपना हाथ साफ किया था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद फिलहाल पुलिस को कुछ खास हाथ नहीं लगा। पुलिस ने कांके रोड स्थित एक अपार्टमेंट में दो दिन पहले हुई चोरी के ही कुछ सामानों को बरामद किया है।

Posted By: Inextlive