थाना एत्मादउद्दौला क्षेत्र में चल रहा था काला काम

भारी मात्रा में माल बरामद, पुलिस करेगी मुकदमा

आगरा। थाना एत्मादउद्दौला प्रकाश नगर में लम्बे समय से नकली सॉस बनाने काम किया जा रहा था। सीओ छत्ता ने पुलिस टीम के साथ मौके पर छापा मार कर भारी मात्रा में माल बरामद किया। इसके साथ ही थोड़ी दूर पर पानी से भरे हुए सिलेंडर बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो आरोपी पकड़े हैं।

भारी मात्रा में किया माल बरामद

सीओ छत्ता संजय कुमार के मुताबिक पुलिस को प्रकाश नगर क्षेत्र में नकली सॉस बनने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने बुधवार दोपहर दो बजे मौके पर जाकर छापा मारा तो वहां पर चाइल्ड लेबर काम कर रही थी। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि दूसरा मौके से भाग निकला। पुलिस ने यहां से बना और अधबना करीब 15 कुंतल माल बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक यहां पर यह लोग केमिकल, एसिड और अरारोट मिला कर नकली सॉस तैयार कर रहे थे। पुलिस ने खाद विभाग को भी सूचना दी वहां से अधिकारी आ गए। इसके बाद श्रम विभाग को सूचना दी गई। मामले में पांच नमूने भरे गए। श्रम विभाग से भी लोग पहुंच गए। मौके पर तीन-चार बच्चे काम करते पाए गए। पकड़े गए आरोपी का नाम राजकुमार पुत्र बाबूलाल निवासी सीता नगर और फरार आरोपी का नाम संजय शर्मा बताया है। यहां पर पहले भी तीन बार सील लग चुकी है।

सिलेंडर में भर रहे थे पानी

वहीं थोड़ी दूरी पर पुलिस ने एक आटा चक्की पर छापा मारा। यहां पर अंदर की तरफ एक कोठरी बनी हुई थी। दीवार के पीछे से पानी का पाइप आ रहा था। यहां पर सिलेंडर से गैस निकाल कर पानी भरने का काम चल रहा था। पुलिस ने यहां से 61 सिलेंडर बरामद किए। पुलिस ने यहां से आरोपी राम पाल सिंह पुत्र स्व। राम खिलाड़ी को पकड़ा है। पुलिस इस मामले में और छानबीन कर रही है।

धड़ल्ले से चल रहा घटतौली का काम

बताया जाता है कि यहां पर सिलेंडर डिलीवर करने वाले गैस को निकलवा कर पानी भरवा देते हैं। निकाली गई गैस का बचे दिया जाता है और पानी भरा सिलेंडर घरों में दे दिया जाता है। पुलिस इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर रही है।

Posted By: Inextlive