-मुजफ्फरपुर में नदी में नाव पर मानव श्रृंखला बनाकर लोगों ने जीता दिल

PATNA: यूनाइटेड नेशंस इनवायरमेंट प्रोग्राम (यूएनईपी) के कंट्री हेड अतुल बगाई भी रविवार को गांधी मैदान में आयोजित मानव श्रृंखला में शामिल हुए। बगाई ने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित यह मानव श्रृंखला दूसरे राज्यों में भी जाए। अतुल बगाई ने कहा कि मानव श्रृंखला में वह जो स्फूर्ति देख रहे हैं उसे देख उन्हें अपने कॉलेज के दिन याद आ रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण को ले यह अद्भुत कार्यक्रम है। उन्होंने परामर्श भी दिया कि केवल मानव श्रृंखला के साथ ही यह कार्यक्रम खत्म नहीं हो जाए। इसे आगे ले जाने को भी वह तैयार हैं।

उम्मीद से 90 लाख ज्यादा

सरकार ने 'जल-जीवन-हरियाली, नशामुक्ति, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह उन्मूलन' के समर्थन का माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी, इसी का फलाफल रहा कि इस बार मानव श्रृंखला के लिए तय लक्ष्य 4 करोड़ 27 लाख से ज्यादा 5 करोड़ 16 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी हुई। यानी लक्ष्य से 90 लाख ज्यादा लोग मानव श्रृंखला में शामिल हुए। टीपीएस कॉलेज के एनएसएस एवं एनसीसी के द्वारा जल-जीवन-हरियाली के लिए मानव श्रृंखला का निर्माण कर एक रैली निकाली गई। इसकी अगुवाई एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी सह खेल प्रभारी प्रो। (डॉ) कृष्णनंदन प्रसाद ने की।

तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

बिहार ने मानव श्रृंखला के अपने ही पिछले दो विश्व कीर्तिमान को तोड़ा। 2017 में नशामुक्ति अभियान के पक्ष में दुनिया की सबसे लंबी 11 हजार 292 किमी तो 2018 में दहेज प्रथा एवं बाल विवाह के खिलाफ 14 हजार किमी लंबी मानव श्रृंखला बनी थी।

Posted By: Inextlive