अब दुनिया के सामने आ गया है रूस का हाईटेक वार रूम जो मास्‍को में रेड स्क्वायर से है दो मील दूर बना है। अमेरिका के पेंटागन में स्‍थित नेशनल मिलेट्री कमांड सेंटर के बराबर आकार के इसी वार रूम में बैठ कर रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन सीरिया में इस्‍लामिक स्‍टेट पर हो रहे हमलों का निरिक्षण करते हें।

गुप्त सुरंगों की भूलभुलैया में बना है तिमंजिला वॉर रूम  
रूस का नया हाईटेक वार रूम दुनिया के सामने आ गया है। रेड स्क्वायर से दो मील दूर मॉस्को नदी के किनारे सुरंगों की भूलभुलैया में रूस का यह तीन मंजिला नेशनल डिफेंस कंट्रोल सेंटर मौजूद है। मिस्र में रूसी विमान हादसे के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सबसे पहले इसी जगह पर पहुंचे थे। यहां से उन्होंने रूसी हवाई अड्डों से लड़ाकू विमानों को उड़ान भरते और उन्हें सीरिया में आतंकी ठिकानों पर बम बरसाते देखा था। उन्होंने सीरिया में मौजूद कमांडरों को फ्रांस के साथ संपर्क बनाने के निर्देश भी यहीं से दिए थे। उल्लेखनीय है कि सीरिया में आइएस के खिलाफ जारी लड़ाई में रूस केंद्रीय भूमिका में आने की कोशिश कर रहा है।

दुनिया भर में रूसी सेना के हमलों की संजीव तस्वीरे दिखाता है ये वॉररूम
कई अरब डॉलर की लागत से बने इस किला बंद वार रूम में मूवी थियेटर जैसे पर्दे लगे हुए हैं। इन पर्दों पर दुनियाभर में रूस की सैन्य गतिविधियों की लाइव तस्वीरें दिखाई पड़ती हैं। यहां से बैलिस्टिक मिसाइलों और परमाणु हथियारों की तैनाती भी की जा सकती है। मोटे तौर पर इस इमारत का आकार अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के बराबर है। 2014 में इसका निर्माण समाप्त हुआ था, लेकिन पुतिन के दौरे के बाद दुनिया की इस पर नजर पड़ी।
संचार केंद्र भी बन सकता है
जानकारों के अनुसार इस वार रूम से रूसी सेना की क्षमता में काफी इजाफा हुआ है। क्रीमिया को लेकर यहीं रणनीति बनी थी और उसे अंजाम तक पहुंचाया गया। आपात स्थिति में यह वार रूम रूस का प्रमुख संचार केंद्र बन सकता है। इसकी तुलना द्वितीय विश्वयुद्ध के समय के सोवियत संघ के सैन्य मुख्यालय से भी की जा रही है। 

रूसी हवाई हमलों से खुश है सीरिया का नेतृत्व
इस बीच सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद ने हवाई हमलों के लिए रूस को धन्यवाद दिया है। एक चीनी टीवी पर प्रसारित साक्षात्कार में असद ने कहा कि सितंबर के अंत में रूस के हवाई हमलों की शुरुआत के बाद से सीरियाई सैनिकों की स्थिति मजबूत हुई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में हर र्मोचे पर फिलहाल सैनिकों को बढ़त हासिल है। उन्होंने मॉस्को के नेतृत्व में शांति वार्ता का समर्थन किया है।

inextlive from World News Desk

Posted By: Molly Seth