छह दिन से कैंट क्षेत्र में नहीं हुई सफाई

मुकदमा वापस न होने तक हड़ताल रहेगी जारी

Meerut। कैंट में हड़ताल के कारण हालात बदतर हो गए हैं। छह दिन से कैंट क्षेत्र में सफाई न होने से जगह जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। यही नहीं नालियां भी कूड़े से पट गई हैं। उधर बारिश के कारण कैंट में नाली का पानी घर में घुस गया। बारिश बंद होने के काफी देर बाद घरों से गंदा पानी निकला।

तोपखाने में भरा पानी

रविवार सुबह से तेज बारिश शुरू हो गई थी। जिससे कूड़ा नालियों में भर गया है। पानी की निकासी न होने के कारण नालियों का गंदा पानी तोपखाने में घरों में घुस गया।

हालात और बदतर होंगे

छह दिन से छावनी परिषद कर्मचारी यूनियन हड़ताल पर है। फिलहाल, हड़ताल के खत्म होने के आसार भी नहीं दिख रहे हैं। सफाई न होने से हालात बदतर हो गए हैं। वहीं, हड़ताल खत्म न होने के कारण हालात और भी बदतर होने के आसार हैं।

हड़ताल से बना रहे दबाव

कर्मचारी प्रशासन पर हड़ताल कर मुकदमा वापस करने का दबाव बना रहे हैं। कांवड़ यात्रा भी शुरू होने वाली है। कैंट बोर्ड कांवड़ यात्रा के लिए काफी व्यवस्थाएं करता है। ऐसे सवाल है कि अब ये व्यवस्थाएं कौन करेगा।

तीन बार वार्ता हुई विफल

सीईओ ने कर्मचारी यूनियन को तीन बार हड़ताल वापस करने के लिए वार्ता के लिए बुलाया, लेकिन तीनों बार कर्मचारियों ने मांग पूरी न होने तक हड़ताल खत्म करने के लिए मना कर दिया।

Posted By: Inextlive