एजेंसी मालिक से मांगा एक करोड़ गुंडा टैक्स

कारोबारी परिवार को रकम न मिलने पर दी जान से मारने की धमकी

ALLAHABAD: कीडगंज के व्यवसायी और एक नामी दुपहिया वाहन कंपनी के मालिक से गुंडा टैक्स के रूप में एक करोड़ रुपए की मांग की गई है। रकम न मिलने पर उन्हें और पूरे परिवार के साथ जान से मार देने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद से मालिक समेत उनका पूरा परिवार दहशत में है।

लेटर भेजकर मांगे पैसे

रंगदारी मांगने वाले शख्स ने एक पत्र के माध्यम से मांग की है। एजेंसी मालिक ने इस घटना की लिखित जानकारी स्थानीय पुलिस को दी है। पुलिस ने एजेंसी मालिक की तहरीर पर अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है। कीडगंज थाना क्षेत्र के नई बस्ती के रहने वाले अनिल हांडा के बेटे विकास और विशाल हांडा ने कई वाहन कम्पनियों की एजेंसी ले रखी है। उनका बाई का बाग में शोरूम है। शुक्रवार को भी विकास हांडा शोरूम गए हुए थे। इसी बीच एक डाकिया उनके शोरूम पहुंचा, और उन्हें एक पत्र दिया। उन्होंने पीले रंग के लिफाफे को खोलकर जब पत्र पढ़ना शुरू किया तो उनके होश उड़ गए। इसमें एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। यह भी लिखा था कि यह रकम जल्द से जल्द नहीं पहुंचाई गई तो अंजाम बेहद बुरा हेागा।

SSP को दी जानकारी

विशाल हांडा व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी हैं। इस धमकी भरे खत से परेशान होकर उन्होंने पुलिस की मदद लेने का फैसला लिया और सीधे एसएसपी से मिलकर इसकी डिटेल दी। एसएसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थानीय पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने को कहा। कीडगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात शख्स के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाक्स

इशारा समझकर बताएंगे आगे क्या करता है

जांच में जुटी पुलिस ने बताया कि जिस शख्स ने एजेंसी मालिक से पत्र के माध्यम से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है, उसने पत्र में लिखा है कि यदि पैसा देना होगा तो अपने शोरूम या फिर घर की छत पर लाल रंग का कपड़ा टांग देना। हम लोग समझ जाएंगे। आगे क्या करना होगा ये हम बाद में बताएंगे। रंगदारी मांगने वाले शख्स ने पत्र को काले पेन से लिखा है।

रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। डाक विभाग की मदद ली जा रही है। पत्र भेजने वाले के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-संतोष त्यागी,

इंस्पेक्टर कीडगंज

Posted By: Inextlive