आगरा। शहर और देहात में तीन अलग-अलग स्थानों पर महिला सहित दो युवकों ने फांसी लगा ली। तीनों मामलों में आत्महत्या की वजह आर्थिकतंगी और परिवारिक कलह बताई जा रही है। वहीं, एक दिन पूर्व विदेशी महिला के आत्महत्या के मामले में पुलिस ने थाईलैंड एमबेसी को सूचना दी है।

कलह में उठाया कदम

अरतौनी निवासी 20 वर्षीय नीता का विवाह चार वर्ष पहले लोहामंडी नौबस्ता निवासी मोनू के साथ हुआ था। मोनू शू फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य करता है। नीता के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ससुराली दहेज की मांग कर रहे थे। बुधवार सुबह परिवार में कलह के बाद नीता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में नीता के मायका पक्ष ने दहेज की शिकायत लोहामंडी पुलिस से की है।

फल विक्रेता ने दी जान

किरावली निवासी 42 वर्षिय डबलू फलों की ठेल लगाकर अपने परिवार का पालन करता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि डबलू और उसके परिवार में अक्सर विवाद होता था। बुधवार को डबलू रोजाना की तरह सुबह ठेल लेकर घर से निकला। बाजार में फल बेचने के बाद वह गोदाम में ठेल रखने गया, जहां उसने मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पत्नी से हुई कहासुनी

कागारौल के गांव गहर्रा किला में 22 वर्षीय रविन्द्र सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन करता है। बुधवार सुबह पत्नी से मकर संक्रांति के मौके पर बाजार से कुछ सामान लाने को कहा था। इंकार करने पर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। इस पर रविंद्र की पत्नी कहीं के लिए निकल गई। वहीं रविन्द्र ने खुद को कमरे में बंद कर लिया, फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों से किया जा रहा संपर्क

ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में रहने वाली थाईलैंड की युवती ने मंगलवार को आत्महत्या कर ली थी। इसकी वजह आर्थिकतंगी बताई गई है। पुलिस ने महिला की मौत की सूचना थाईलैंड एम्बेसी को दी है। जहां से उसके परिजनों को सूचना पहुंचाई जाएगी। वहीं युवती ने ढाई वर्ष में आगरा से गहरा लगाव बताते हुए अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां यमुना में विसर्जित करने की बात अपने सुसाइड नोट में की है।

Posted By: Inextlive