- बरामद कछुए तीन प्रजातियों के, कीमत 18 लाख रुपये बताई जा रही

- तस्कर बोले, दिल्ली के होटलों में अच्छे दामों पर की जाती है सप्लाई

आगरा। कछुआ तस्करों के गिरोह का वन विभाग ने भंडाफोड़ कर दिया। 80 कछुए बरामद कर तीन तस्कर गिरफ्तार किए हैं। कछुओं को फतेहाबाद क्षेत्र के यमुना नदी व तालाबों से पकड़ा गया। इन्हें दिल्ली पहुंचाने की तैयारी थी। इनकी कीमत 18 लाख रुपये बताई गई है।

वन क्षेत्राधिकारी प्रेमनाथ तिवारी के मुताबिक बरामद कछुए तीन प्रजाति के हैं। इनमें इंडियन टेंट टर्टल, इंडियन फ्लैपशेल टर्टल और थ्री स्ट्रिप्ड रूफ टर्टल शामिल हैं। कछुओं को कार से फीरोजाबाद मार्ग होते हुए दिल्ली ले जाया जा रहा था। वन क्षेत्राधिकारी के मुताबिक पकड़े गए तस्करों में अजय कुमार निवासी प्रगति नगर, फतेहाबाद, सूरज सिंह निवासी बरैंडा, मंसुखपुरा और लल्ला निवासी बसई मुहम्मदपुर, फीरोजाबाद शामिल हैं। तस्करों को फतेहाबाद-फीरोजाबाद मार्ग स्थित भलोखरा गांव के पास से पकड़ा गया। कार में तलाशी लेने पर कछुए बरामद हुए। पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि वे कछुओं को यमुना, तालाब व चंबल नदी से पकड़कर दिल्ली के होटलों में अच्छी कीमतों पर बेच देते हैं। वन विभाग की इस कार्रवाई के दौरान पुलिस भी मौजूद रही।

Posted By: Inextlive