उत्तर भारत में आज यूपी समेत कई राज्यों में आंधी के साथ बारिश के आसार है। वहीं कर्नाटक के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। माैसम विभाग के मुताबिक यूपी और हरियाणा के इलाके आज बारिश से भीगेंगे...


लखनऊ (एएनआई)। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में आज माैसम बदल सकता है और लोगाें को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। इस संबंध में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में गरज, आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। करनाल (हरियाणा), नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश), बिजनौर (उत्तर प्रदेश), मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), खतौली (उत्तर प्रदेश), हस्तिनापुर (उत्तर प्रदेश) और चांदपुर (उत्तर प्रदेश) के आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में बादल से छाए रह सकते हैं। इसके अलावा माैसम विभाग ने कर्नाटक के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में वहां का प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। बारिश से भीग सकते हैं ये राज्य भी
वहीं वेदर एजेंसी स्काई मेट के अनुसार आज पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी पंजाब में भी मानसून में कुछ हलचल देखने को मिलेगी। देश के अन्य हिस्सों पर नजर डालें तो वेदर एजेंसी के मुताबिक मध्य प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों, कोंकण गोवा, तटीय कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मानसून व्यापक सक्रिय रहेगा और अच्छी बारिश हो सकती है।लक्षद्वीप, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, दक्षिणी राजस्थान, दक्षिणी गुजरात, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में सामान्य मानसून हल्की से मध्यम बारिश दे सकता है।

Posted By: Shweta Mishra