BAREILLY:

तेंदुआ वन विभाग की टीम से लुकाछुपी का खेल खेल रहा है। संडे शाम को रबर फैक्ट्री के कोल प्लांट की छत पर तेंदुआ दिखा। सूचना पर जब टीम पहुंची तो वह नजर नहीं आया। तेंदुआ को लेकर लोगों में दहशत है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। दरअसल संडे को तेंदुआ की खोजबीन में वन विभाग की टीम ने गांव वालों के साथ कस्बा फतेहगंज पश्चिमी रबर फैक्ट्री जंगल में घंटों खाक छानी लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं शाम को फैक्ट्री के कोल प्लांट की छत पर तेंदुआ देखा गया।

भैंस का बच्चा ढूंढते समय दिखा

रुकमपुर गांव के मुन्ना लाल फैक्ट्री गेट से करीब सौ मीटर दूरी पर स्थित मंडी में रहते हैं। मुन्ना लाल की भैंस का बच्चा करीब पिछले तीन दिनों से गायब है, जिसे पुजारी का पुत्र दयाराम ढूंढ रहा था। उसे डर सता रहा था कि कहीं बच्चा तेंदुआ का तो निवाला नहीं बना गया हो। इसी बीच दयाराम को कोल प्लांट की छत पर तेंदुआ बैठा दिख गया। घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम वहां पहुंची लेकिन तेंदुआ नहीं दिखा। उन्होंने ग्रामीणों को हिदायत दी कि इलाके में तेंदुआ घूम रहा है इसलिए सतर्क रहें। रात में जंगल में न जाएं। यदि जाना हो तो समूह बनाकर ही जाएं। साथ ही कहा कि बच्चों को पशुओं के साथ न भेजें।

एक से अधिक हो सकते हैं

यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि जंगल क्षेत्र में एक से अधिक तेंदुए हो सकते हैं। हालांकि विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। लोगों का मानना है कि इनकी संख्या एक से अधिक है। फिलहाल, अभी तक तेंदुआ की लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाई है।

Posted By: Inextlive