लोगों ने एक-दूसरे को दी ईद की मुबारकबाद

मेन रोड, कांटाटोली, डोरंडा इलाके में रात भर गुलजार रहा बाजार

>RANCHI:शुक्रवार देर शाम जैसे ही चांद का दीदार हुआ और चांद कमेटी की तरफ से शनिवार को ईद मनाने का निर्देश मिला, लोगों के चेहरे पर मुस्कान दौड़ गई। सभी लोग एक दूसरे से गले मिलते हुए ईद मुबारक कहने लगे। इसके बाद मोबाइल से भी अपने सगे-संबंधियों और रिश्तेदारों को ईद की मुबारकबाद दी जाने लगी। ईद को लेकर घरों से लेकर शहर के बाजारों तक में रौनक है। जिन लोगों ने अभी तक ईद की अपनी खरीदारी पूरी नहीं की थी, वे लोग खरीदारी करने बाजार निकल पड़े। देर रात तक रांची के मेन रोड, डोरंडा और कांटाटोली में खरीदारी होती रही।

सुबह ईद की नमाज

पूरे एक महीने तक चलने वाला रमजानुल मुबारक महीने का रोजा शुक्रवार को पूरा हो गया। शाम को ईद का चांद दिखने की खबर के साथ ही शनिवार को ईद मनाने की घोषणा हो गई। शनिवार को शहर के प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की जाएगी। इसको लेकर ईदगाहों और मस्जिदों में तैयारी पूरी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी लोगों को ईद की बधाई दी है।

अलविदा जुमे की पढ़ी नमाज

रमजान के पांचवें जुमे पर शुक्रवार को रांची समेत पूरे झारखंड की मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। इसके लिए मस्जिदों में विशेष व्यवस्था की गई थी। इस दौरान सभी मस्जिद नमाजियों से भरे रहे। पूरे माह इबादत और रोजा रखने के बाद अलविदा की नमाज अदा करने के लिए सुबह से ही लोगों में उत्साह था। राज्य और मुल्क की तरक्की के साथ ही अमन चैन की दुआ के साथ नमाज अदा की गई। इस नमाज के साथ ही माह-ए- रमजान मुबारक अलविदा हो गया।

Posted By: Inextlive