छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: पटना में तख्त श्री हरि मंदिर साहिब में आयोजित होने वाले गुरु गोविंद सिंह के 350वें सालाशताब्दी गुरु पर्व को लेकर जनजागरूकता के लिए 13 अक्टूबर को पटना से चली जागृति यात्रा पालकी साहिब गुरुवार को शाम चार बजे जमशेदपुर पहुंचेगी। पालकी साहिब के साथ चल रहे तख्त श्री हरि मंदिर पटना साहिब के वरीय उपाध्यक्ष सरदार शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जागृति यात्रा बुधवार को कोलकाता पहुंची। गुरुवार को सुबह पांच बजे हम लोग पालकी साहिब के साथ जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे, जो शाम चार बजे घाटशिला पहुंचेगी। वहां जमशेदपुर के विभिन्न गुरुद्वारों की नौजवान सभा के सैकड़ों सदस्य मोटरसाइकिल से पहुंचेंगे और पालकी साहिब का स्वागत करने के बाद अगवानी करते हुए जमशेदपुर लाएंगे। शहर में डिमना चौक व मानगो गुरुद्वारा के सामने पालकी साहिब का भव्य स्वागत किया जाएगा। यहां से पालकी साहिब के साथ पैदल चलते हुए लोग साकची गुरुद्वारा पहुंचेंगे। यहां स्वागत के बाद विश्राम होगा। शुक्रवार को पालकी साहिब के साथ शहर के विभिन्न गुरुद्वारों का भ्रमण किया जाएगा। जगह-जगह स्वागत होगा। पालकी साहिब में गुरु गोविंद सिंह के पुरातन शस्त्र और हस्तलिखित गुरु ग्रंथ साहिब भी हैं। 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे पालकी साहिब रांची के लिए रवाना होंगे। पालकी साहिब के साथ विभिन्न गुरुद्वारों की स्त्री सत्संग सभा की लगभग 50 महिलाएं चल रही हैं।

Posted By: Inextlive