रांची : बरियातु पहाड़ पर सेना अधिकारी की नाबालिग बेटी के साथ गैंगरेप की घटना के बाद पूरा शहर सकते में है। एक तरफ जहां रांची संसदीय सीट से लोकसभा सांसद संजय सेठ ने बरियातु पहाड़ पर टीओपी खोलने के निर्देश दिए हैं वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासन भी टूरिस्ट प्लेसेज पर सेफ्टी को लेकर सख्त प्लान तैयार कर रहा है। एसएसपी अनीश गुप्ता ने सभी थानेदारों को अपने इलाके में स्थित टूरिस्ट प्लेसेज की लिस्ट तैयार करने का कहा है। इन स्थानों पर सुरक्षा विशेष तौर पर बढ़ाई जाएगी। इसके लिए कितनी फोर्स की जरूरत होगी और सुरक्षा की रणनीति क्या रहेगी इसपर मंथन चल रहा है। पुलिस ऐसे स्थानों को भी चिन्हित कर रही है जहां ज्यादा लोगों का जमघट लगता है। यहां भी सुरक्षा के लिए पुलिस का सख्त पहरा होगा।

ग‌र्ल्स अनसेफ

सांसद संजय सेठ ने डीसी राय महिमापत रे को लिखे पत्र में बरियातू पहाड़ साईं अस्पताल के आसपास जल्द टाउन ऑफ पोस्ट (टीओपी) खोलने की मांग की है। इसमें उन्होंने बताया है कि बरियातू पहाड़ के आसपास काफी घनी आबादी है। इस इलाके के लोगों के लिए यही एकमात्र स्थान है, जहां पर लोग मॉर्निग वॉक करने आते हैं। इलाके के छोटे-छोटे बच्चे भी यहीं पर खेलने के लिए आते हैं। आए दिन इस इलाके में असामाजिक तत्वों द्वारा ग‌र्ल्स व महिलाओं के साथ अक्सर छेड़खानी, छिनतई, मारपीट, बलात्कार के साथ ही हत्या की भी घटनाएं होती रहती हैं। इन पर अंकुश लगाया जाए।

कई घटनाएं हुई

सांसद संजय सेठ ने भी माना है कि इस इलाके में कुछ अपराधी किस्म के लोग भी गलत तरीके से अपना नाम बदलकर रह रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व ही एक बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी है। इसके अलावा यहां पर बराबर छेड़खानी की घटनाएं होती रहती हैं। जिसके कारण यहां के बाशिंदों में डर का माहौल है।

ये हैं महत्वपूर्ण टूरिस्ट प्लेस

राजधानी के कुछ ऐसे पर्यटन स्थल हैं जहां भारी संख्या में लोग घूमने आते हैं। इन प्लेसेज पर कई बार आपराधिक घटनाएं घटित हुई हैं। इनमें रॉक गार्डन, कांके डैम (नीचे साइड), धुर्वा डैम, रुक्का डैम, टैगोर हिल, पतरातु डैम, सिद्धू कान्हू पार्क, डियर पार्क, दशम फॉल, हुंडरु फाल, जोन्हा फाल समेत कई टूरिस्ट प्लेस हैं जहां काफी भीड़ भी लगती है और कई बार क्राइम भी हो चुका है।

वर्जन

पुलिस ऐसे सेंसिटिव एरिया के लिए सेफ्टी प्लान तैयार कर रही है। सभी थानेदारों को इस बाबत जरूरी निर्देश जारी किये गए हैं।

अनीश गुप्ता

एसएसपी रांची

Posted By: Inextlive