आगरा। संजय प्लेस में अवैध पार्किंग वसूली के खिलाफ पिछले आठ दिनों से चल रहा आंदोलन बुधवार को नेक्स्ट लेवल पर पहुंच गया। संजय प्लेस के आंदोलनरत व्यापारियों ने सम्पूर्ण संजय प्लेस बाजार को बन्द रखकर अपना विरोध प्रदर्शित किया। सुबह से ही संजय प्लेस के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर नहीं उठाए और धरना स्थल पर सैंकड़ों की संख्या में एकत्रित होने लगे। बड़ी संख्या में एकत्रित आक्रोशित व्यापारियों ने पूरे संजय प्लेस में जुलूस निकाल कर भ्रमण किया। जूलूस में आक्रोशित व्यापारियों ने तानाशाही नहीं चलेगी, नगर निगम मुर्दाबाद, इंकलाब जिंदाबाद, जैसे नारे लगाए। बन्द के दौरान संजय प्लेस के सभी चाय पान के स्टॉल्स सहित सभी व्यावसायिक संगठनों ने अपने प्रतिष्ठान बन्द कर इसका समर्थन किया।

निगम की निकाली अर्थी

अवैध पार्किंग के विरोध में आंदोलन कर रहे व्यापारियों ने नगर निगम-नवीन आगरा की अर्थी निकाली। अर्थी को पूर्ण रूप से बन्द संजय प्लेस में पूरे संजय प्लेस में घुमाया गया। इस अर्थी यात्रा के दौरान व्यापारी नगर निगम को कोसते हुए नजर आए। सम्पूर्ण संजय प्लेस में भ्रमण कराने के बाद व्यापारियों ने अर्थी को बीच सड़क पर रखकर फूंक दिया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस दल मौजूद रहा।

पार्किग को लेकर चल रहा है केस

अवैध पार्किंग वसूली के विरोध में संजय प्लेस के व्यापारी लम्बे समय से आंदोलन कर रहे हैं। पार्किग का ठेका ठेका नगर निगम ने उठा रखा है। व्यापारियों का कहना है कि पार्किग का मामला अभी कोर्ट में लंबित है। इसके बावजूद निगम ने पार्किग का ठेका उठा दिया है। व्यापारियों ने ये भी बताया कि पार्किंग ठेकेदार द्वारा संजय प्लेस बाजार में अपने असामजिक गुंडों के द्वारा जबरन अवैध वसूली का प्रयास करते हैं। इस विषय में व्यापारी जनप्रतिनिधियों सांसद , विधायक, मेयर और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर अपनी व्यथा रख चुके हैं। इसके बावजूद जन प्रतिनिधि अथवा संगठन के किसी पदाधिकारी ने व्यापारियों की समस्या को नहीं सुना है और न ही समाधान का कोई प्रयास किया। पार्किग विवाद से व्यापारी भाजपा से नाराज हैं। इस मौके पर 1123 व्यापारियों ने भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपनी सदस्यता से त्यागपत्र देकर राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी को प्रेषित कर दिया है।

संजय प्लेस के व्यापारियों की मांग है कि नगर निगम ने न्यायालय लंबित होने के बावजूद पार्किग का ठेका उठाया है। नगर निगम न्यायालय का निर्णय आने तक इस फैसले को स्थगित रखे। व्यापारी इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने के लिए लड़ते रहेंगे।

-हीरेन अग्रवाल, सचिव संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन

Posted By: Inextlive