- हाइवे पर फंसे ट्रक, कुल्हडि़या तक लगा जाम

- चिलचिलाती धूप से जाम में फंसे स्कूली बच्चे सहित अन्य लोग गए झेल

CHANDAULI: भीषण गर्मी ऊपर से ये जाम लोगों को सड़क पर जाने में कई बार सोचने को मजबूर कर रहा है। जिले में आये दिन लगने वाला जाम अब नासूर बनता जा है। शुक्रवार को जाम से झेल गए लोगों को शनिवार को भी राहत नहीं मिली। जमानिया मोड़ के पास दो ट्रकों के खराब हो जाने से भोर से लेकर पूरे दिन हाइवे की दोनों लेनों पर सैयदराजा से लेकर कुल्हडि़या बिहार तक वाहनों का जाम लग गया।

दूल्हे राजा भी हुए परेशान

जाम में दूल्हे का वाहन, ट्रक, स्कूली बसें और एंबुलेंस आदि अनेकों वाहन घंटों इस चिलचिलाती धूप मे फंसे रहे। यहां तक की दो पहिया वाहन सवारों को भी जाम से निकलने में घंटों पसीना बहाना पड़ा। तेज धूप के चलते जाम में फंसे यात्री, छात्र, मरीज, बिलबिला उठे। जमानिया रोड वर्षों से जर्जर हालत में ह। अक्सर इस रोड पर ट्रकें या तो खराब हो जाती हैं या गड्ढा युक्त सड़क में फंसकर जाम लग जाता है। चूंकि इस मार्ग पर काफी वाहनों का आना जाना रहता है इसलिए थोड़ी देर कोई वाहन रुक जाए तो जाम लगने लगता है। शुक्रवार को शादी विवाह की जोरदार लगन थी। शादी विवाह में शामिल होकर छोटे वाहन शनिवार की सुबह लौट रहे थे उसी दौरान दो बालू लदे ट्रक जमानिया मोड़ के पास खराब हो गए। धीरे धीरे वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई। जाम में ही बारात से लौट रहे छोटे बड़े वाहन भी घुस गए। इसका परिणाम यह हुआ कि सैयदराजा यूपी से लेकर कुल्हडि़या बिहार तक हाइवे पर भीषण जाम लग गया। जाम लगते ही सैयदराजा पुलिस जाम छुड़ाने के लिए काफी प्रयासरत रही। लेकिन गलत साइड में आकर सैकड़ों वाहनों के घुस जाने से जाम ऐसा रहा कि वाहन नहीं निकल पा रहे थे।

Posted By: Inextlive