खुलासा: हर चालान पर अतिरिक्त वसूले जा रहे 500 रुपए

manish.mishra@inext.co.in

PATNA : अगर आप पटना में हैं तो कभी न कभी ट्रैफिक चालान का सामना जरूर हुआ होगा। अगर हुआ है तो आपको याद होगा कि एक छोटा सा नियम तोड़ने के लिए भी बड़ी रकम वसूली गई होगी। अगर याद नहीं तो आज हम बताने जा रहे हैं कि किस तरह पटना में जुर्माने पर 'जुर्माना' वसूला जा रहा है। नियम तोड़ने का जुर्माना तो कम है लेकिन पुलिस पांच गुना जुर्माना आदेश नहीं मानने के बदले वसूल रही है।

 

ऐसे लग रहा 5 गुना जुर्माना

अगर आप बिना हेलमेट के बाइक चला रहे हैं। पुलिस पकड़ती है तो 100 रुपए जुर्माना देकर बच सकते हैं लेकिन पुलिस आपसे 600 रुपए की वसूली करती है। इसमें जो 500 रुपए अतिरिक्त वसूले गए, उसका उल्लेख भी रसीद में होता है। जिसका कारण जुर्माना भरने में आनाकानी बताया जाता है। क्योंकि यह नियम है कि आप जुर्माना देने से मना करते हैं तो 500 रुपए अतिरिक्त वसूला जा सकता है।


ये शराबबंदी का दबाव है

बिहार में शराबबंदी के बाद राजस्व को लेकर काफी दबाव है। पुलिस पर अधिक से अधिक राजस्व वसूलने को लेकर हमेशा कोई न कोई आदेश आता रहता है। अप्रैल, 2016 से ही प्रदेश सरकार का सभी विभागों पर लोड था। वर्ष 2016 के बाद से ही चालान का रेट बढ़ गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो वर्ष 2016 से ही चालान में दोहरा दंड लगाया जा रहा है। पुलिस इस अपराध की वसूली भी कर लेती है कि वाहन चालक ने जुर्माना की रकम देने से ही मना कर दिया। पुलिस आदेश नहीं मानने के बहाने चालान काटती है और राजस्व वसूली का कोटा पूरा करती है।

 

आप भी जान लीजिए नियम

अगर आप ट्रैफिक नियम को तोड़ते हैं तो उसके लिए जुर्माना निर्धारित है।

अलग-अलग नियमों को तोड़ने पर अलग-अलग जुर्माने की राशि है।

अगर एक साथ कई नियम तोड़ रहे हैं तो जुर्माने की राशि जुड़ जाती है।

अगर आप आसानी से संबंधित नियम तोड़ने का जुर्माना दे रहे हैं तो वह अधिक चार्ज नहीं कर सकती।

पुलिस अगर जुर्माने की राशि से अधिक लेती है तो मान लीजिए कि वह यह धारा लगा रही कि आपने जुर्माना देने का विरोध किया।

Posted By: Inextlive