आरएमसी की स्टैंडिंग कमेटी की मीटिंग

आइटीडीपी कंपनी को प्लान बनाने की मिली मंजूरी

RANCHI: रांची की ट्रैफिक व्यवस्था जल्द ही मेट्रो सिटी जैसी होने वाली है। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता के साथ ही अहमदाबाद और बेंगलुरू में जैसा स्मूद ट्रैफिक सिस्टम है, वैसा ही टै्रफिक सिस्टम आने वाले दिनों में रांची का भी होने वाला है। इसके लिए रांची नगर निगम बड़े स्तर पर तैयारी कर रहा है। ट्रैफिक प्लान अहमदाबाद की कंपनी आइटीडीपी(इंस्टीट्यूट फार ट्रांसपोर्ट एंड डेवलपमेंट पॉलिसी) तैयार करेगी। इसकी मंजूरी गुरुवार को आरएमसी स्टैंडिंग कमेटी की मीटिंग में भी मिल गई।

मौके पर नगर आयुक्त प्रशांत कुमार, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य पार्षद भी मौजूद थे।

जानी-मानी कंपनी है आइटीडीपी

मॉडर्न ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम बनाने के लिए अहमदाबाद की कंपनी आइटीडीपी देश भर में जानी जाती है। कई शहरों का ट्रैफिक प्लान इस कंपनी ने तैयार किया है। दो साल पहले जनवरी 2013 में यह कंपनी रांची सिटी के ट्रैफिक सिस्टम को ठीक करने के लिए रांची नगर निगम में प्रजेंटेशन भी दी थी। साथ ही रांची सिटी में ट्रैफिक को लेकर एक सर्वे रिपोर्ट भी इसने रांची नगर निगम को दिया था।

फ्लाइओवर नहीं, बनेंगे पाथ-वे

आइटीडीपी ने रांची नगर निगम को जो सर्वे रिपोर्ट सौंपी है, उसमें रांची के ट्रैफिक सिस्टम को स्मूद बनाने के लिए फ्लाइओवर की जगह पाथ-वे बनाने का सुझाव पहले भी दिया था। साथ ही इसने रांची सिटी में नए तरह की सिटी बसें ओर बस स्टॉप बनाए जाने का प्रपोजल भी दिया है। रांची में ट्रैफिक सिस्टम को ठीक करने के लिए अतिक्रमण हटाने का भी सुझाव यह कंपनी पहले ही दे चुकी है।

ऑफिशियल स्टैंड

आइटीडीपी केन्द्र सरकार की ओर से एक चयनित एजेंसी है। इसे रांची का दोबारा सर्वे करने के लिए पैसे नहीं देने होंगे। कंपनी यहां का ट्रैफिक प्लान बनाने का काम जल्द शुरू कर देगी।

-प्रशांत कुमार, नगर आयुक्त, आरएमसी

Posted By: Inextlive