- 12 दिन में पूरा किया जाना है प्लांट का काम

- निर्माण कार्य में गति लाने के लिए नगर निगम ने छीना कंपनी से काम

DEHRADUN: नगर निगम द्वारा रैमकी कंपनी से शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण कार्य छीनने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आ गयी है। बारह दिन के भीतर हर हालात में प्लांट का निर्माण कार्य पूरा किया जाना है। कूड़े के निस्तारण के लिए प्लांट के निर्माण कार्य को दरकिनार करते हुए तीस चैम्बर्स को बनाने में जोर दिया जा रहा है। इसकी वजह है कि शहर का एक दिन का कूड़ा एक चैंबर में जायेगा। जिसके बाद उसे टॉमरल में खाद बनाने के लिए भेजा जायेगा।

निगम ने लगाये चार ठेकेदार

नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक प्लांट के निर्माण कार्य में गति लाने के लिए निगम के लोक निर्माण विभाग के चार ठेकेदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिससे निर्धारित समय पर निर्माण कार्य पूरा हो सके। इतना ही नहीं निगम द्वारा कंपनी से साठ परसेंट निर्माण कार्य छीना जा चुका है, इसके साथ ही निगम की ओर से कंपनी पर प्रतिदिन के हिसाब से बीस हजार का जुर्माना भी ठोका गया है। प्लांट का निर्माण कार्य पूरा न होने तक कंपनी को जुर्माने की राशि निगम को देनी होगी।

एक दिसंबर से शहर का कूड़ा शीशमबाड़ा प्लांट में डाला जायेगा। निर्माण कार्य में गति लाने के लिए निगम के लोनिवि के चार ठेकेदारों को जिम्मा सौंपा गया है। एक दिसंबर से सहस्त्रधारा ट्रंचिंग ग्राउण्ड में कूड़ा नहीं डाला जायेगा।

विनोद चमोली, मेयर

Posted By: Inextlive