- राज्य में अब 218 सक्रिय मरीज, कुल आंकड़ा 377 तक पहुंचा

- रांची में 5 और गिरिडीह में 2 मरीज हुए स्वस्थ, अबतक 149 लोग दे चुके हैं कोरोना को मात

रांची : राज्य में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। बाहर फंसे प्रवासियों के झारखंड लौटने के बाद अब एक साथ मुंबई, सूरत, कोलकाता, तेलंगाना और अलग-अलग राज्यों के विभिन्न शहरों से कोरोना की कई नई चेन झारखंड से जुड़ गई है। रविवार को भी झारखंड में 27 नए पॉजिटिव केस मिले। वहीं रविवार को कुल सात मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। इनमें पांच रांची के और दो गिरिडीह के हैं। रविवार को रांची में स्वस्थ हुए सभी मरीज रिम्स में भर्ती थे। इसके साथ ही रांची जिले में अब तक पूरे 100 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। यहां अब कोरोना के 12 ही एक्टिव केस रह गए हैं। अब तक रांची जिले में कुल कोरोना संक्रमण के 114 मामले सामने आए थे, जिनमें से 100 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि दो मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं कोरोना मैप में अब एक नया जिला पाकुड़ भी शामिल हो गया है।

377 टोटल

नए मरीजों में पूर्वी सिंहभूम और हजारीबाग और पाकुड़ के चार-चार, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, धनबाद और गढ़वा के तीन-तीन, कोडरमा के दो तथा रांची का एक मरीज शामिल है। इनमें ज्यादातर मुंबई से लौटे हैं। इसके साथ ही राज्य में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 377 हो गई है। इनमें 149 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 218 एक्टिव मरीज हैं। राज्य में कोरोना से अब तक चार मरीजों की मौत भी हो चुकी है। कोडरमा के एक अन्य कोरोना संदिग्ध मरीज की शनिवार को मौत हुई थी। अंदेशा है कि उसकी मौत भी कोरोना से हुई होगी, लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।

पू सिंहभूम में चार

पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को मिले चार कोरोना पॉजिटिव मरीजों में सिदगोड़ा का एक जैप जवान भी शामिल है, जो बिहार के आरा से लौटा था। उसे सिदगोड़ा में होम क्वारंटाइन में रखा गया था। वहीं बारीडीह में तीन और मरीज मिले। इनमें एक महिला व दो छात्र शामिल हैं। दो छात्र कोलकाता से लौटे थे, जबकि महिला मरीज वह रांची से जमशेदपुर गई थी। वह रांची में निजी क्षेत्र में नौकरी करती है। उधर पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में तीन नए मरीज मिले हैं। ये तीनों पिछले दिनों श्रमिक स्पेशल ट्रेन से 17 मई को मुंबई से चक्रधरपुर लौटने के बाद अलग-अलग सेंटरों में क्वारंटाइन किए गए थे। उधर रामगढ़ के तीन मरीजों में एक दुलमी का है। वह पांच दिन पहले ही मुंबई से लौटा था। अन्य दो मरीज रामगढ़ के अलग-अलग इलाकों के हैं। वहीं रांची में संक्रमित मिला युवक बुंडू का रहनेवाला है। इसी तरह धनबाद में तीन और पाकुड़ में चार मरीज मिले हैं। पाकुड़ में मिले मरीजों की जांच ट्रू नेट मशीन से हुई है। इस कारण इनकी दोबारा जांच जरूरी होगी। इससे पहले पाकुड़ अबतक कोरोना से अछूता था।

Posted By: Inextlive