सऊदी अरब से आई रकम 40 बैंक खातों में डालनी थी

पकड़े गए दोनों युवकों को देवबंद के वासित ने रकम दी थी

Meerut। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनके कब्जे से 22.92 लाख रुपये बरामद हुए। हवाला की यह रकम 40 खातों में डाली जानी थी। एक लाख रुपये चार महिलाओं के खातों में डाल भी दिए थे। पुलिस व आयकर विभाग ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि रकम सऊदी अरब में काम करने वाले लोगों ने अपने परिवार को भेजी है। टैक्स बचाने के लिए हवाला के जरिए रकम को खातों में डाला जा रहा था।

40 महिलाओं के खातों में रकम

सदर बाजार पुलिस ने खूनी पुल स्थित यूबीआइ की शाखा से दिलनवाज पुत्र अब्दुल हकीम निवासी फतेहउल्लापुर थाना लिसाड़ी गेट मेरठ और सुहेल त्यागी पुत्र साजिद त्यागी निवासी मोहन अंबेहटा थाना बड़गांव सहारनपुर को पकड़ लिया। दोनों युवक 40 महिलाओं के खातों में रकम डाल रहे थे। चार महिलाओं आसमां, निशा, तहसीन बानो और सबीना के खातों में 25-25 हजार की रकम डाल चुके थे। इन सभी महिलाओं के खाते बैंक ऑफ बड़ौदा में हैं। पुलिस ने दोनों युवकों को थाने लाकर पूछताछ की। आरोपितों ने बताया कि उन्हें यह रकम मेरठ रेलवे स्टेशन पर देवबंद सहारनपुर के रहने वाले वासित ने दी थी। वासित के पास सऊदी अरब में काम करने वाले लोगों का पैसा आता है। यह पैसा उनके परिवार के खातों में डाला जाता है। हवाला के जरिए टैक्स बचाते हुए रकम भेजी जाती है। पुलिस ने वासित का मोबाइल नंबर मिलाया लेकिन वह बंद मिला। पुलिस और आयकर विभाग की टीम दोनों आरोपितों से पूछताछ में लगी हुई है। पड़ताल की जा रही है कि रकम महिलाओं के खातों में क्यों डाली जा रही थी।

दो युवकों को 23 लाख की रकम के साथ पकड़ा है। पुलिस की टीम पूछताछ में जुटी हुई है। इससे पहले भी ये युवक 20 लाख रुपये महिलाओं के खातों में डाल चुके हैं। आरोपितों के तार किस-किस से जुड़े हैं, विस्तार से जांच की जा रही है।

अजय साहनी, एसएसपी

मुजफ्फरनगर में भी पकड़े गए थे 75 लाख

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाला के नेटवर्क पर पुलिस की नजर है। बीते शनिवार को मुजफ्फरनगर में भी हवाला के 75 लाख रुपये पकड़े गए थे। कार में रकम ले जा रहा युवक भी पकड़ा गया था, जबकि ड्राइवर भाग निकला था। मेरठ से पहुंची आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने बताया था कि यह रकम हवाला की है। आरोपित नाजिम निवासी गांव न्यामू ने पुलिस और आयकर अधिकारियों को बताया था कि उसके संबंधी सऊदी अरब सहित खाड़ी देशों में रहते हैं। दिल्ली में लालकिला पर उसे रुपयों से भरा बैग दिया गया था।

Posted By: Inextlive