आज से शुरू होगा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन

80 वार्डो को चार जोन में बांटकर शुरू होगा काम

फैक्ट फीगर

- 400 मीट्रिक टन कूड़ा डेली निकलता है शहर से

- 3 करोड़ का बजट है प्रस्तावित

- 50 रुपये शुल्क लोअर या मिडिल फैमिली से लिया जाएगा

- 100 रुपये शुल्क अपर क्लास फैमिली से लिया जाएगा

- 100 से 1000 रुपये कॉमर्शियल प्लेसेस से लिया जाएगा

बरेली : शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम आज से शुरू हो रहा है। पहले चरण में बीस वार्डो से योजना की शुरुआत होगी, उसके बाद नगर निगम संसाधन बढ़ाएगा। योजना को ठीक से लागू करने के लिए अधिकारियों ने लोगों से सहयोग की अपील की है। कूड़ा नहीं उठाए जाने की शिकायत अब खत्म हो जाएगी।

हर जोन से 5 वार्ड में पहले काम

नगर निगम ने शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए तीन एजेंसियों को काम दिया है। पहले चरण में हर जोन के पांच वार्डो को शामिल किया गया है। आयुषी कंपनी को जोन एक और दो, पाथवा कंपनी को जोन तीन और आनंद नारायण कंपनी को जोन चार का जिम्मा सौंपा है।

घरों से सुबह उठेगा कूड़ा

कंपनियों के कर्मचारी रोजाना सुबह सात बजे से दोपहर बारह बजे तक घरों से कूड़ा कलेक्ट करेंगे। इसके बाद शाम को पांच बजे से रात दस बजे तक बाजारों में दुकानों से कूड़ा उठाया जाएगा। इस तरह घरों और व्यवसायिक क्षेत्रों से आसानी से कूड़ा उठ सकेगा।

पहले इन वार्डो से उठेगा कूड़ा

जोन एक - 30, 42, 52, 56, 63

जोन दो - 01, 05, 13, 32, 35

जोन तीन - 16, 17, 43, 53, 65

जोन चार - 08, 23, 50, 54, 67

घरों में रखवाए जाएंगे डस्टबिन

लोगो के घरों में हरे व नीले रंग के दो डस्टबिन रखवाने की अपील की गई है। नीले रंग के डस्टबिन में सूखा कूड़ा व हरे रंग के डस्टबिन में गीला कूड़ा एकत्र करने के निर्देश भी शहरवासियों को दिए गए हैं।

4 प्वाइंट्स पर होगा कलेक्शन

नई प्रक्रिया के तहत शहर के समस्त 80 वार्डो को चार जोन में बांटा गया है। हर जोन में 20 वार्ड को शामिल किया गया है। इसी आधार पर हर जोन में एक कलेक्शन सेंटर बनेगा। जहां सभी घरों को कूड़ा एकत्र किया जाएगा। यहां से कूड़ा कलेक्ट कर डंपिंग ग्राउंड तक ले जाया जाएगा।

400 रिक्शा कूड़ा उठाने को लगे

नगर निगम डेली शहर से 400 मीट्रिक टन कूड़ा उठाता है। इसके लिए 190 गाडि़यां और 400 सौ रिक्शा लगाए जाएंगे, इन वाहनों से ही सुबह और शाम दोनों शिफ्टों में कूड़ा कलेक्ट किया जाएगा।

658 कबाड़ी भी करेंगे सहयोग

नगर निगम ने 108 कबाड़ी और 550 कूड़ा बीनने वालों को घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए हायर किया है। बीते नवंबर माह में नगर निगम ने कबाडि़यों के साथ गांधी उद्यान में मीटिंग भी की थी।

शहर के बीस वार्डो में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू कर रहे हैं। इसमें लोगों के सहयोग की जरूरत है। लोग घरों में सूखा और गीला कूड़ा अलग इकट्ठा करें, ताकि कूड़े का निस्तारण भी किया जा सके। जल्द सभी वार्डो में योजना लागू कर दी जाएगी।

सैमुअल पॉल एन, नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive